
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (एटलेन) पर वाहनों पर लगातार हो रही पत्थरबाजी के मामले में रतलाम के दीनदयाल नगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जीरो पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामला घटनास्थल के आधार पर थांदला थाना जिला झाबुआ को भेजा गया है।
इसी बीच मंगलवार को एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक एक्सप्रेस वे के पास पहाड़ी पर खड़े होकर नीचे से गुजर रहे वाहनों पर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो थांदला और शिवगढ़ की सीमा क्षेत्र का बताया जा रहा है और इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।
वीडियो में करीब एक हजार फीट की ऊंचाई से युवक अपनी जान खतरे में डालकर पत्थरबाजी करते नजर आ रहे है। किसी वाहन चालक द्वारा दोनों को वीडियो में कैद किया गया है। मालूम हो कि 19 सितंबर को कुक्षी निवासी जानू अपने मित्र अशरफ, हामिद, इमरान और अजहर के साथ किया कार्निवल (क्रमांक एमपी-09-एपी-9322) से दिल्ली जा रहे थे।
थांदला टोल से निकलने के करीब 10 मिनट बाद एटलेन पर उनकी कार पर सामने से पत्थर मारा गया। इससे कार की विंडशील्ड टूट गई और इमरान मंसूरी के दाहिने हाथ के कंधे में पत्थर लगने से चोट आई। चालक ने कार नहीं रोकी और सीधे रतलाम पहुंचे और पथराव की जानकारी दी।
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर थांदला पुलिस को भेजा है। पथराव के बहुप्रसारित वीडियो की भी जांच की जा रही है। लगातार घटनाओं के बाद रविवार को रतलाम और झाबुआ पुलिस के अधिकारियों ने बार्डर मीटिंग की थी। इसमें संयुक्त पेट्रोलिंग, हाटस्पाट पर सशस्त्र बल की तैनाती और ड्रोन से निगरानी का निर्णय लिया गया।