
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम: बिलपांक पुलिस ने तेलंगाना के आदिलाबाद और हैदराबाद में चोरी की वारदात करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की जा रही लाल रंग की वेगनआर कार, सब्बल और नकदी जब्त की है।
आरोपितों ने प्रारंभिक पूछताछ में आदिलाबाद जिले के थाना आदिलाबाद और भीमिनी सहित हैदराबाद में कई स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया है। संबंधित थानों की पुलिस को सूचना दे दी गई है और वहां की पुलिस रतलाम के लिए रवाना हो चुकी है।
सभी गिरफ्तार आरोपित राजस्थान के पाली जिले के निवासी है। इनमें बांजापुरी तहसील जैतारण निवासी 44 वर्षीय घनश्याम पुत्र बगदाराम कुमावत, सोजत निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मणराम पुत्र छगनाराम कुमावत, जैतारण निवासी 38 वर्षीय बोंडाराम पुत्र करनाराम कुमावत और बिरोल तहसील जैतारण निवासी 35 वर्षीय मानिकचंद पुत्र बुधराम कुमावत हैं।
थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि आदिलाबाद से चोरी की गई लाल रंग की वेगनआर फोरलेन के रास्ते राजस्थान की ओर जा रही है। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस ने फोरलेन पर टोल के पास चेकिंग लगाई। कुछ देर बाद संदिग्ध वेगनआर आती दिखाई दी।
पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ाकर वाहन घुमा लिया। आगे फंटे पर जाकर कार को रोक लिया गया। वाहन में चार लोग सवार थे। वाहन रुकते ही दो आरोपित गेट खोलकर खेतों की ओर भाग गए। टीम ने पीछा शुरू किया और करीब छह किलोमीटर तक खेतों में तलाश करने के बाद दोनों को पकड़ लिया।
आरोपित इंदौर की ओर से आते हुए राजस्थान के पाली की ओर जा रहे थे। करीब 18 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम देेने के बाद आठ लाख रुपये में बेच देने की बात सामने आई है। बाकी की नकद राशि करीब 55 हजार रुपये मिली है।
कार्रवाई में एसआइ किशनलाल रजक, प्रधान आरक्षक राहुल जाट, तेजसिंह जगावत, नरेंद्रसिंह चावड़ा, ईश्वरसिंह राठौर, अशोक मईडा, रोशन राठौर, रोहित चौहान, निलेश अवस्थी, श्यामदयाल राठौर और विनोद सिंगार की भूमिका रही।