
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शादी के नाम पर तीन लाख रुपये लेने और शादी के दो दिन बाद पत्नी के गायब होने के मामले में नामली थाना पुलिस ने छह लोगों पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
फरियादी पति की रिपोर्ट पर महाराष्ट्र जलगांव भीम नगर बस स्टॉप प्रिपाला हडको निवासी प्रणाली पुत्री महेन्द्र जगताप, कोकन भवन सीबीडी बैलापुर सेक्टर 10 नवी मुंबई निवासी सुवर्णा पुत्री राजू वाडवे, वाशिम अरंभी डिग्रस निवासी पवन पुत्र लक्ष्मण सोजोने, शिंगनापुर अहमदनगर निवासी दीपाली पुत्री संदीप कुसलकर, मंदसौर रामघाट खानपुरा निवासी कमलेश पुत्र गोवर्धनलाल गेहलोत और पिपलौदा मामटखेड़ा निवासी दीपक पुत्र अशोक साहू को आरोपित बनाया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शादी नहीं होने के दौरान 11 अगस्त को उसका संपर्क मामटखेड़ा निवासी दीपक साहू से हुआ। दीपक ने महाराष्ट्र की एक लड़की से शादी कराने की बात कही। इसके बाद पीड़ित अपने पिता के साथ जावरा स्थित साईंराज होटल पहुंचा, जहां प्रणाली दिखाई गई।
लड़की पसंद आने पर उसकी मौसी सुवर्णा राजू वाडवे, पवन लक्ष्मण सोजोने और दीपाली संदीप कुसलकर की मौजूदगी में तीन लाख रुपये में शादी की बातचीत तय हुई। 12 अगस्त को पीड़ित अपने स्वजन के साथ जावरा कोर्ट पहुंचा। वहां वकील के माध्यम से एक हजार रुपये के स्टाम्प पर लिखापढ़ी के बाद साईंराज होटल में सुवर्णा को तीन लाख रुपये दिए गए। इसके बाद प्रणाली को साथ लेकर अंगेठी माता मंदिर में दोनों ने सात फेरे लिए और उसे अपने गांव ले गया।
शादी के दौरान पीड़ित के पिता ने प्रणाली को चांदी की पायल, बिछुड़िया और सोने के मोती वाला मंगलसूत्र भी दिया था। 14 अगस्त को प्रणाली ने सामान लेने की बात कही तो वह उसे जावरा लेकर गया। सामान खरीदने के बाद प्रणाली ने पानी की बोतल लाने के लिए कहा। पीड़ित पानी लेने गया और वापस लौटा तो प्रणाली वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला।
13 सितंबर को जानकारी मिली कि प्रणाली मंदसौर के नई आबादी थाने में मिली है। वहां पहुंचने पर प्रणाली ने बताया कि जावरा से कमलेश गेहलोत उसे कार से मंदसौर ले गया और वहां एक युवक से ढाई लाख रुपये लेकर उसकी दूसरी शादी करवा दी।
यह भी पढ़ें- रतलाम के एकलव्य स्कूल में पसरा सन्नाटा, छात्रा की आत्महत्या के बाद 150 छात्राएं परिजनों के साथ लौटीं घर