
डिजिटल डेस्क, रतलाम। आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के लिए विशेष कदम उठाया है। पश्चिम रेलवे द्वारा अहमदाबाद और मालदा टाउन के बीच स्पेशल किराये पर एक साप्ताहिक विशेष ट्रेन (Weekly Special Train) चलाने का फैसला लिया गया है। मध्य प्रदेश के रतलाम रेल मंडल के रतलाम और नागदा जंक्शन से होकर गुजरने वाली यह स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी।
यह ट्रेन मध्य प्रदेश के रतलाम एवं नागदा जंक्शनों से होकर गुजरेगी। समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन नंबर 09401 अहमदाबाद से हर बुधवार दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर रतलाम (रात 8:35 बजे) और नागदा होते हुए शुक्रवार सुबह 10:00 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 09402 मालदा टाउन से हर शुक्रवार रात 8:05 बजे चलकर रविवार सुबह नागदा और रतलाम (सुबह 6:25 बजे) रुकते हुए दोपहर 1:00 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिनमें नडियाद, आनंद, छायापुरी, गोधरा, कोटा, सवाई माधोपुर, टूंडला, कानपुर (गोविंदपुरी), पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना, भागलपुर और साहिबगंज जैसे स्टेशन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- Navratri Train Status: माता के भक्तों की बढ़ी परेशानी! कटरा-मैहर की ट्रेनों में लंबी वेटिंग, यात्रा टाल रहे श्रद्धालु
यात्रियों की हर श्रेणी की सुविधा का ख्याल रखते हुए इस ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास के कोच लगाए गए हैं। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, इस विशेष सेवा की शुरुआत से त्योहारों के सीजन में मध्य प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने वाले प्रवासियों को टिकट वेटिंग की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।