
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय हिंदू किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित विरियाखेड़ी निवासी तनवीर पुत्र रफीक अब्बासी ने किशोरी से पहचान छिपाकर संपर्क बढ़ाया था। अपना नाम तन्नु बताकर किशोरी से बातचीत शुरू की। करीब एक महीने तक पीछा करने और फोन पर बातचीत के बाद एक नवंबर को वह किशोरी के घर पहुंच गया।
उस समय किशोरी घर में अकेली थी। तनवीर ने जबरन घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर पहुंचे भाई और पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तनवीर को गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले वह जामफल के खेत में काम करने जाती थी। इस दौरान एक युवक वहां आता-जाता था और उसका पीछा करता था। रास्ते में रोककर उसने बातचीत करने और मिलने की इच्छा जताई। किशोरी ने उसे पीछा करने से मना किया, लेकिन वह लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा। युवक ने अपना नाम तन्नु बताकर मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बोरिंग से पहले निगम पता लगाएगा पानी निकलेगा या नहीं, जलसंकट से बचने के लिए फैसला
दोपहर करीब 12:30 बजे युवक ने फोन कर किशोरी को मिलने बुलाया। उसके नहीं जाने पर वह कुछ देर बाद घर पहुंच गया। किशोरी को अकेला पाकर वह अंदर घुसा और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने किशोरी के साथ जबरदस्ती की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी की आवाज सुनकर उसका भाई घर के पीछे वाले दरवाजे से अंदर पहुंचा। भाई को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन भाई और पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया।
थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया है।