
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। इंस्टाग्राम पर विदेश में नौकरी का विज्ञापन देखकर युवक से ठगी के मामले में पुलिस आरोपित को पुणे जेल से प्रोडक्शन वांरट पर रतलाम लेकर आई है। बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि महाराष्ट्र पुणे के जास्मेनियम बिल्डिंग मगरपट्टा सिटी हडपसर निवासी अमित कुमार झा व पत्नी प्रतिमा भाटी पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जबरन वसूली, धमकी और साजिश सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। अमित को सोमवार तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
समता नगर निवासी 47 वर्षीय तौफीकुद्दीन फारूकी ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त 2024 को उसने इंस्टाग्राम पर कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसमें फिनलैंड, पोलैंड, स्लोवाकिया और हंगरी में वेयरहाउस व सुपरमार्केट में नौकरी तथा 1.20 से 1.50 लाख रुपये मासिक वेतन का दावा किया गया था।
पुणे स्थित कंपनी का बड़ा कार्यालय देखकर उसे भरोसा हुआ और उसने अमित से संपर्क किया। पंजीयन के नाम पर 50 हजार रुपये लिए गए। बाद में पोलैंड की नौकरी के लिए हंगरी का अपाइंटमेंट बुक कराया, जो निरस्त हो गया। फिनलैंड के रोजगार वीजा के लिए आवेदन और 6330 रुपये शुल्क जमा कराने के बाद भी कोई परिणाम नहीं आया।
अप्रैल 2025 में स्लोवाकिया की कार फैक्ट्री में नौकरी का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन फरियादी ने उसे संदिग्ध मानकर स्वीकार नहीं किया। इसके बाद जापान में नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया गया। जुलाई में मुंबई के एजेंट के माध्यम से विजिटर वीजा बनवाकर उसे जापान भेज दिया गया। वहां पहुंचने के 21 दिन में वर्क वीजा कराने और नौकरी दिलाने की बात कही गई थी। तौफीकुद्दीन 22 जुलाई को तीन अन्य लोगों के साथ जापान पहुंचा।
26 जुलाई को एजेंट ने उसे दूसरे लोगों के पासपोर्ट और कार्ड देकर नई पहचान याद करने को कहा। उसकी पहचान मोहम्मद रफाद बताई गई। विरोध करने पर उसे शरणार्थी आवेदन कराने की सलाह दी गई। 30 जुलाई को उसका आवेदन कराया गया। इस दौरान उसने अलग-अलग स्थानों पर काम किया, लेकिन मजदूरी दूसरे लोगों के खातों से मिली।
अगस्त 2025 में एजेंट उसे ओयामा से करीब 250 किलोमीटर दूर अत्सुगी क्षेत्र में छोड़कर चला गया। तीन दिन तक भोजन और रुपये नहीं होने से परेशानी हुई। नवंबर में शरणार्थी आवेदन निरस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद 12 दिसंबर को टोक्यो इमिग्रेशन कार्यालय पहुंचने पर उसे हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में उपचार भी कराना पड़ा। परिचितों की मदद से करीब दो लाख येन जुटाकर उसने 25 दिसंबर 2025 को भारत लौट आया।
रतलाम लौटने के बाद तौफीकुद्दीन ने अमित से रुपये वापस मांगे तो जनवरी 2026 में लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में टालने लगा। इसके बजाय आर्मेनिया, पुर्तगाल, जार्जिया और सर्बिया में नौकरी दिलाने के प्रस्ताव दिए गए। पुणे कार्यालय में रुपये मांगने पर बाउंसर और एक वकील के माध्यम से धमकाने तथा जान से मारने की धमकी दी। फरियादी ने 7.04 लाख रुपये के अलावा जापान में वीजा, यात्रा और रहने-खाने पर करीब चार लाख रुपये अतिरिक्त खर्च होने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में तीन लाख से अधिक के मोबाइल लेकर थमाया चेक, भुगतान मांगने पर दे रहे धमकी
अमित कुमार झा पुणे के विमानतल पुलिस थाने में दर्ज एक अन्य अपराध में भी आरोपित है। 5 अगस्त 2026 को दर्ज इस मामले में नागपुर निवासी पूजा अरुण काकडे और दीपक यशवंत भोसले से पुर्तगाल में नौकरी दिलाने के नाम पर 17 लाख रुपये लेने, वहां बंधक बनाने और धमकाकर वसूली करने के आरोप हैं। पुणे क्राइम ब्रांच ने 14 अगस्त को अमित की जमानत अर्जी का विरोध करते हुए अदालत में प्रतिवेदन दिया था। इसी मामले में पुणे जेल में बंद अमित को रतलाम पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।