
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शादी का झांसा देकर 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। नाबालिग के गर्भवती होने के बाद आरोपित युवक ही उसे प्रसव के लिए जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (एमसीएच) लेकर पहुंचा। यहां नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर महिला थाना पुलिस पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है। सोमवार शाम नाबालिग के पेट में तेज दर्द होने पर अजय निनामा उसे प्रसव के लिए एमसीएच लेकर पहुंचा था। अस्पताल से सूचना मिलने पर महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी पुलिस टीम के साथ पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए।
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसका अजय निनामा पिता शांतिलाल निनामा से प्रेम प्रसंग था। आरोपित उसे मिलने के लिए अपने घर बुलाता था। इसी साल फरवरी में उसने शादी का झांसा देकर अपने घर में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के दो-तीन महीने बाद उसे गर्भवती होने का पता चला था। आरोपित ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी कारण उसने गर्भवती होने की बात स्वजन को नहीं बताई। सोमवार को पेट में तेज दर्द होने पर आरोपित उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसने बच्ची को जन्म दिया।
पुलिस ने नाबालिग की उम्र की पुष्टि के लिए उसके स्कूल से जन्मतिथि का रिकॉर्ड लिया। इसमें जन्मतिथि 10 जनवरी 2010 दर्ज मिली। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने अजय निनामा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)(ii)/6 के तहत शून्य पर प्रकरण दर्ज किया। मामला आगे की जांच के लिए डीडीनगर थाने भेजा गया है। डीडीनगर थाना पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में धरना दे रहे किसानों को पुलिस ने हटाया, बसों में भरकर भेजा थाने, गन्ने का भाव ₹600 करने पर अड़े