
नईदुनिया न्यूज, सैलाना। विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने नेशनल ला यूनिवर्सिटी (एनएलआइयू) भोपाल में एलएलएम (संवैधानिक एवं प्रशासनिक कानून) पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया है। उन्हें यह प्रवेश नेशनल ला यूनिवर्सिटीज कंसोर्टियम द्वारा आयोजित कामन ला एडमिशन टेस्ट-पीजी (क्लैट पीजी) परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मिला है। यह एक वर्षीय मास्टर डिग्री पाठ्यक्रम है।
विधायक डोडियार ने बताया कि वे विधायकी के दायित्वों के साथ संविधान एवं प्रशासनिक कानून विषय पर अध्ययन और शोध कार्य भी जारी रखेंगे। पढ़ाई और विधानसभा संबंधी कार्यों के बेहतर संचालन के लिए वे भोपाल में रहकर व्यवस्थाएं करेंगे। भोपाल में रहने से उन्हें राज्य स्तरीय प्रशासनिक बैठकों, विभागीय कार्यों और विधानसभा सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाने में सुविधा होगी।
इससे सैलाना क्षेत्र के विकास कार्यों और विभागीय प्रस्तावों के क्रियान्वयन में गति आने की संभावना है। मालूम हो कि कमलेश्वर ने सैलाना विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर प्रदेशभर में पहचान बनाई थी। उन्होंने कांग्रेस के तत्कालीन विधायक हर्ष विजय गेहलोत को 4618 मतों से हराया था।
वर्तमान में वे मध्यप्रदेश विधानसभा में भारती आदिवासी पार्टी के इकलौते विधायक हैं। डोडियार ने चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने कर्ज लिया था। उन्होंने वर्ष 2013 में विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से बीए की डिग्री प्राप्त की तथा बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।