
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। विंध्यावासिनी कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे घर के अंदर रखी ई-स्कूटी में अचानक आग लगने के बाद धमाका हो गया। कुछ ही देर में आग पूरे कमरे और मकान में फैल गई। हादसे में कमरे में सो रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता 36 वर्षीय बिंदु कुंवर और उनकी 16 वर्षीय बेटी अंतिम करीब 60 फीसदी झुलस गई। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बड़ी बेटी विजयलक्ष्मी हादसे में बाल-बाल बच गई।
पहले गैस टंकी का बटन बंद किया, फिर छत के रास्ते निकलीं
बड़ी बेटी विजयलक्ष्मी ने बताया कि परिवार रात में करीब 8 से 8.30 बजे तक सो जाता है और करीब 9 बजे तक मोबाइल चलाता है। बुधवार सुबह करीब 4 बजे उसकी नींद खुली। उठकर देखा तो स्कूटी में आग लगी थी। उसने सबसे पहले पीछे रखी गैस टंकी का बटन बंद किया। आगे भी गैस टंकी रखी थी। इसके बाद वह ऊपर का गेट खोलने के लिए दौड़ी।
इसी दौरान छोटी बहन डरकर पीछे वाले कमरे में चली गई। विजयलक्ष्मी ऊपर से वापस आई तो मां उसे लेने पीछे गई। इसी दौरान आग अचानक तेज हो गई। विजयलक्ष्मी ने बताया कि मां और छोटी बहन को आग से झुलसते हुए बाहर आते देखा तो दोनों का हाथ पकड़ा और किसी तरह छत पर पहुंची। वहां से पड़ोसी की छत पर जाकर नीचे उतरी और घर से बाहर निकली। विजयलक्ष्मी के पैर में मामूली चोट आई है, जबकि मां और छोटी बहन गंभीर रूप से झुलस गई।
सोने से पहले निकाला था चार्जिंग प्लग
विजय लक्ष्मी ने बताया कि रात में सोने से पहले ई-स्कूटी का चार्जिंग प्लग निकाल दिया था। ऐसे में समझ नहीं आया कि अचानक आग कैसे लगी। हादसे के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। एक चाबी छोटी बहन के गले में थी और दूसरी मशीन पर रखी थी। घबराहट और अंधेरे के कारण छोटी बहन चाबी लेकर दरवाजे तक नहीं आ सकी। इसलिए छत का गेट खोलकर उसी रास्ते से तीनों बाहर निकलीं।
यह भी पढ़ें- रतलाम में लव जिहाद... BAMS छात्रा को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव
10 दिन पहले खरीदी थी ई-स्कूटी
बिंदु कुंवर के जीजा वीरेंद्र सिंह के अनुसार, परिवार ने करीब 10 दिन पहले माणक चौक स्थित शोरूम से 85 हजार रुपए में नई ई-स्कूटी खरीदी थी। रात में स्कूटी चार्जिंग पर नहीं लगी थी। तड़के अचानक उसमें धमाका हुआ और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ई-स्कूटी पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में बदल गई। घर का पूरा सामान जल गया, वहीं कूलर और पंखे भी पिघल गए।
दमकल विभाग मौके पर
आग लगने के बाद पड़ोसियों ने भी मदद की। घर में रखी रसोई गैस की टंकी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। नगर निगम की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
पड़ोसियों का आरोप है कि बार-बार कॉल करने के बावजूद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।
इसके बाद घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। दीनदयालनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि चार्जिंग पर नहीं लगी ई-स्कूटी में आग किस वजह से लगी और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ।
यह भी पढ़ें- रतलाम में प्रेमी को घर में देख भड़का पिता, कांच की बोतल तोड़कर मुस्लिम युवक के गले पर किया वार, लगे 20 टांके