
बाजना। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद बाजना जनपद की 65 पंचायतों व जनपद सदस्य के 20 वार्डों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। रिटर्निंग अधिकारी बीएस ठाकुर ने बताया कि जनपद की 65 पंचायतों में नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। सरपंच पद के लिए 526 नामांकन पत्र भरे गए थे। जांच व नाम वापसी के बाद 420 प्रत्याशी मैदान में है। पंच पदों के लिए कुल 1228 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से दो निरस्त हुए तथा 17 ने नाम वापस लिए। इस प्रकार पंच पद के लिए 1209 प्रत्याशी मैदान में है।जनपद के 20 वार्डों के लिए 135 प्रत्याशी ने नामांकन पत्र भरे थे। इनमें से एक डमी, पांच निरस्त तथा पांच ने नाम वापस ले लिए। इस प्रकार 124 प्रत्याशी अब मैदान में शेष रहे हैं।
बाजना जनपद क्षेत्र में कुल 108381 मतदाता है। इनमें 54875 पुरुष और 53506 महिला मतदाता अपने क्षेत्र के सरपंचों, पंचों व जनपद सदस्यों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मानपुरा में 15 वार्ड निर्विरोध
ग्राम पंचायत मानपुरा के 20 में से 15 वार्ड निर्विरोध रहेंगे। वार्ड क्रमांक 9, 12, 13 में किसी के भी द्वारा दावेदारी नहीं करने से रिक्त रहेंगे।वार्ड क्रमांक एक व आठ में मतदाता मतदान कर प्रतिनिधि का चयन करेंगे। बरखेड़ा पंचायत में भी 12 में से 10 वार्ड निर्विरोध रहेंगे। वार्ड क्रमांक एक में किसी के द्वारा भी दावेदारी नहीं करने से रिक्त रहेगा। वार्ड क्रमांक छह का फैसला मतदान से होगा। जनपद की 65 पंचायतों में सरपंच पद के लिए 420 व पंच पद के लिए 1209 अभ्यर्थी मैदान में है। शुक्रवार को तहसील कार्यालय में दिनभर चुनाव चि- आवंटन की प्रक्रिया के चलते उम्मीदवारों की भीड़ लगी रही।
प्रभु की शरण में पहुंचने लगे अभ्यर्थी
करिया। ओबीसी आरक्षण को लेकर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भले ही असमंजस के भंवर में फंसे दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद संचालित चुनावी प्रक्रिया के तहत चुनाव चि- मिले अभ्यर्थी देवालयों की शरण में पहुंचने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय के बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वर्तमान में चुनावी प्रक्रिया निर्बाध जारी है। चुनावी समर में उतरे अभ्यर्थियों ने चुनाव चि- आवंटन के बाद देवी-देवताओं की शरण में पहुंचना शुरू कर दिया है।
पार्टी के प्रति समर्पित रहने वाले को देंगे मौका
नामली। ब्लाक कांग्रेस द्वारा त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव व जनजागरण पदयात्रा को आगामी ग्रामीण क्षेत्र में चलाने के लिए गांव-गांव में अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के निर्देशन पर बैठक का आयोजन पल्दुना रोड स्थित गार्डन पर किया गया। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील नागर ने बताया कि बैठक में जनपद जिला पंचायत सदस्य के लिए समन्वय समिति बनाई गई। समन्वय समिति जनपद, जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी तय करेगी। चुनाव में पार्टी के लिए हमेशा समर्पित संघर्षशील व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी। यह निर्णय ब्लाक के सभी वरिष्ठजन, युवा साथी की सहमति से तय किया गया। बैठक में राजेश भरावा, सत्येंद्र परिहार, अशोक राठौड़, बंटी डाबी, संजय चौहान, जयंत नागर, तूफानसिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
जीवनलाल मईड़ा विधायक प्रतिनिधि
सैलाना। विधायक हर्षविजय गेहलोत ने पूर्व जिला पंचायत प्रतिनिधि जीवनलाल मईड़ा को जनपद पंचायत सैलाना क्षेत्र के लिए विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। नियुक्ति पर शुभचिंतकों ने हर्ष जताया है।
वनवासी कल्याण परिषद के वरिष्ठ प्रचारक का स्वागत
सैलाना। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण परिषद के वरिष्ठ प्रचारक व मार्गदर्शक सौमेया जूलू का वनवासी वाल्मीकि आश्रम सैलाना आगमन पर आश्रम समिति व जिला समिति द्वारा शाल, श्रीफल देकर सम्मान किया गया। उन्होंने आश्रम समिति से चर्चा कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। प्रांत संगठन मंत्री लक्ष्मीनारायण बामने, प्रांत श्रद्धा जागरण प्रमुख गोविंद कुंडल, प्रांत प्रकल्प प्रमुख प्रचारक तिलक राज दांगी, प्रांत संयोजक जनजाति सुरक्षा मंच कैलाश निनामा, प्रतिनिधि प्रमुख डा. रूपचंद मेड़ा, जिला सचिव कैलाश निनामा, अजजा मोर्चा के प्रदेश मंत्री नारायण मईड़ा, संयोजक कैलाश वसुनिया, वाल्मीकि आश्रम समिति के अध्यक्ष ललित कसेरा, उपाध्यक्ष वर्दीचंद पाटीदार, सचिव रवि शर्मा, बलराम कसेरा, चंद्रप्रकाश लायड, बालाराम पाटीदार आदि उपस्थित थे।
भाजपा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष बनने पर स्वागत
सिमलावदा। भाजपा किसान मोर्चा में ग्राम के सुरेश पाटीदार को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मनोनयन पर ग्रामीणों व समाजजनों ने पाटीदार का गांव में पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।
एक श्याम खाटू वाले के नाम भजन संध्या एक को
सेमलिया। एक शाम खाटू वाले के नाम भजन संध्या एक जनवरी को होगी। नए साल के उपलक्ष्य में भगतसिंह मोहल्ला आजाद चौक पर भजन संध्या का आयोजन होगा। अखंड ज्योत जलाकर दरबार सजाया गया। इत्र व पुष्पा वर्षा की जाएगी। आयोजन गांव के युवाओं द्वारा किया जा रहा है। वैष्णव गायत्री ताजखेड़ा, राजू मस्ताना दलोदा, दिनेश चौहान नेगड़दा भजनों की प्रस्तुति देंगे।
स्वच्छता सर्वेक्षण में मिला खिताब
नामली। नगर परिषद नामली द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में भाग लेते हुए नगर को खुले में शौचमुक्त में ओडीएफ डबल प्लस तथा गार्बेज फ्री सिटी स्टार रेटिंग में सिंगल स्टार का खिताब प्राप्त किया गया। गत वर्ष नागरिक फीडबैक के अच्छे अंक मिलने के कारण निकाय द्वारा उक्त दोनों उपलब्धियों को जनसहयोग से प्राप्त किया गया।
संपूर्ण स्वच्छ भारत अभियान में नामली द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन में नगर की जनता का सराहनीय सहयोग मिला। इंदौर से प्रेरित होते हुए नामली को भी स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में 10000 से 15000 की जनसंख्या वाले नगर पालिका में स्वच्छ नगर का खिताब दिलाने के लिए जनता की सहभागिता रही। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी डा. केशवसिंह सागर, सफाई दरोगा राजेश वर्मा, घर-घर कचरा संग्रहण वाहन चालक मुकेश वर्मा, मोहनलाल चावरे, कचरा प्रसंस्करण प्लांटकर्मी कालूसिंह व समस्त सफाई कर्मचारी, निकाय से बालाराम कुमावत, शैलेंद्रसिंह राठौर, माजिद खान, देवेंद्रसिंह राठौर, रामसिंह, राजू बोड़ाना के सहयोग से स्वच्छता नोडल नवजोत सिंह चौहान द्वारा नियत समय पर समस्त कार्यवाही व नागरिक सुविधाओं के लिए कार्य किए गए।
पंचायत सचिव ने संभाला पदभार
आम्बा। यहां ग्राम पंचायत में नवागत पंचायत सचिव ओमप्रकाश जायसवाल ने सचिव दिनेश तिवारी से विधिवत प्रभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जितेंद्रसिंह चौहान, तेजसिंह सिसौदिया, ग्राम सहायक विनोद परिहार, रतनलाल मईड़ा उपस्थित थे।