
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। होली और रमजान एक साथ होने से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष फोकस किया गया है। रविवार शाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में कालिका माता क्षेत्र से चिन्हित संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें शहर के चारों थानों व लाइन का बल मौजूद रहा।
एसपी अमित कुमार ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा आमजन से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। शहर में 160 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है, जिनमें से 55 संवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस निगरानी रहेगी। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील एवं तनावग्रस्त क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी तथा 10 से अधिक अस्थाई पुलिस चौकियां स्थापित होंगी। सीसीटीवी कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी। हुड़दंग या अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध मौके पर कार्रवाई की जाएगी।
होली की तारीख पर असमंजस के कारण पुलिस की ड्यूटी बढ़ी। ग्रहण के कारण होली मनाने को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को देखते हुए इस बार होली पर सोमवार, मंगलवार और बुधवार तीन दिनों तक विशेष पुलिस व्यवस्था लागू रहेगी। गुंडा लिस्ट में शामिल बदमाशों पर निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस बल की ड्यूटी इस बार दोगुनी की गई है।
यह भी पढ़ें- MP की सियासत में हलचल! मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को दिल्ली हुए तलब, अमित शाह ने की मैराथन बैठक
रविवार को एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आयोजन समितियों, शांति समिति और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों से बैठकें की गई। आमजन से त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने तथा इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करने की अपील की गई है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल देने का आग्रह किया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।