
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शनिवार को रावटी क्षेत्र के जंगल में मिला मानव कंकाल 20 वर्षीय गोलू कटारा का होने की पुष्टि हुई है। गोलू अपने तीन दोस्तों के साथ चोरी करने बिलड़ी गांव में दोस्त बाबू गामड़ के दादा मड़िया गामड़ के घर पहुंचा था। वहां दादा के विरोध करने पर हाथापाई के दौरान चाकू गोलू की गर्दन के पास लग गया।
खून बहने पर वह जान बचाकर भागा, लेकिन करीब 100 मीटर दूर पहाड़ी के पास गिर पड़ा। उसके तीनों दोस्त उसे मृत समझकर जंगल की खाई में झाड़ियों के बीच छोड़कर भाग गए। इस दौरान उसकी मौत हो गई। गोलू की बहन ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की। हालांकि डीएनए जांच के बाद ही आधिकारिक पुष्टि होगी।
थाना प्रभारी मनीष डावर ने बताया कि बिलड़ी निवासी 22 वर्षीय बाबूलाल पुत्र शंभू गामड़ की अपने दादा 68 वर्षीय मड़िया पुत्र गोबा गामड़ से नहीं बनती थी। दादा के पास चांदी के जेवर होने की जानकारी थी। इसी वजह से बाबू ने 30 अक्टूबर को उनके घर चोरी की योजना बनाई। उसने अपने दोस्त 20 वर्षीय अनिल पुत्र हरीश मुनिया, 20 वर्षीय संजय पुत्र रायसिंह गरवाल निवासी बिलड़ी व मृतक गोलू कटारा के साथ बैठकर शराब पी और फिर दादा के खेत पर बने मकान की ओर निकले।

घर से करीब 50 मीटर पहले जूते-चप्पल उतारे और बाइक खड़ी कर पैदल पहुंचे। बाबू और अनिल कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि गोलू और संजय को चाकू देकर दादा के घर भेजा। गोलू ने दरवाजा खटखटाया। मड़िया गामड़ ने दरवाजा खोला तो गोलू ने उनसे माचिस मांगी। दादा माचिस लेने अंदर गए, तभी गोलू पीछे से पहुंचा और उनका मुंह दबाकर गर्दन पर चाकू लगा दिया। उसने घर में रखे रुपये मांगे और नहीं देने पर गला काटने की धमकी दी। इसी दौरान संजय घर में सामान तलाशने लगा।
मड़िया गामड़ ने बचाव में गोलू के हाथ से चाकू पकड़ लिया और उसे जोर से खींचा। छीना-झपटी में चाकू गोलू की गर्दन के पास लग गया और खून बहने लगा। संजय भी पास आया तो संघर्ष के दौरान चाकू उसके सीने में लग गया। दादा के चिल्लाने पर दोनों वहां से भागे। गोलू और संजय के भागने पर कुछ दूरी पर खड़े बाबू और सुनील भी उनके साथ भाग निकले।
करीब 100 मीटर दौड़ने के बाद गोलू पहाड़ियों के बीच गिर गया। तीनों दोस्तों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह बेसुध था। उन्हें लगा कि उसकी धड़कन बंद हो गई है। इसके बाद वे गोलू को जंगल की खाई में झाड़ियों के बीच छोड़कर भाग गए।
30 अक्टूबर को मड़िया गामड़ ने रावटी थाने में घर में घुसकर मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस घटना में उनकी उंगली में चोट आई थी और टांके लगे थे। दूसरी ओर गोलू 24 अक्टूबर से लापता था। उसके स्वजन ने 12 नवंबर को स्टेशन रोड थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने बाबू, अनिल और संजय व मड़िया गामड़ को हिरासत में लिया।
पूछताछ में तीनों दोस्तों ने चोरी की योजना बनाने और गोलू को जंगल में छोड़ने की बात स्वीकार की है। मड़िया गामड़ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या तथा बाबू, अनिल और संजय के खिलाफ घर में घुसने, मारपीट और चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। सोमवार को चारों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- झाबुआ में दो मासूमों की डूबने से मौत... खेलते-खेलते कुएं में गिरीं, नाना-नानी के साथ रहती थीं बहनें