Ratlam Crime News: इंटरनेट मीडिया पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस आइटी सेल उपाध्यक्ष गिरफ्तार, जेल भेजा
Ratlam Crime News: भाजयुमो ने थाने के समक्ष प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराकर कराई एफआइआर। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 30 Apr 2023 08:14:07 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Apr 2023 08:47:03 PM (IST)

Ratlam Crime News: रतलाम (नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रधानमंत्री के कर्नाटक में दिए गए बयान व मन की बात पर कांग्रेस आइटी सेल के उपाध्यक्ष तरुण जैन द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्टेशन रोड थाना पहुंचे तथा नारेबाजी कर तरुण जैन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने तरुण जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर हिरासत में लिया और नोटिस देकर छोड़ दिया गया। कुछ देर बाद उन्हें धारा 151 में गिरफ्तार कर शाम को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इंटरनेट मीडिया पर टिप्पणी को लेकर भाजुयमो जिलाध्यक्ष विपल्प जैन व कार्यकर्ता स्टेशन थाने पहुंचे और नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग करने लगे। जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, मयंक जाट आदि भी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारी से चर्चा की। उधर, भाजयुमो कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे।
कुछ देर बाद मोर्चा जिलाध्यक्ष विपल्व जैन ने जैन के खिलाफ लिखित शिकायत की । इसके बाद पुलिस ने जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
एक तरफा कार्रवाई
कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने कहा कि ऐसा लगा रहा है कि पुलिस हमारे कार्यकर्ता को दबाने का काम कर रही है, नगर निगम चुनाव में दबाने का काम किया था। दस दिन पहले जैन को एक व्यक्ति ने हथियार दिखाकर धमकी दी, जिसकी शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस एक तरफा कार्रवाई कर रही है। उनका कहना था कि जैन ने प्रधानमंत्री को लेकर नहीं लिखा। गलत कुछ नहीं लिखा। अर्थ कुछ भी निकाल रहे हैं। जब तरुण को लगा कि कुछ लोग गलत अर्थ निकाल रहे हैं तो पोस्ट डिलिट कर दी।
कार्रवाई की गई
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने तरूण जैन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत की थी, जिस पर वैधानिक कार्रवाई की गई है। तरुण को धारा 151 में गिरफ्तार किया गया है।
-किशोर पाटनवाला, टीआइ स्टेशन रोड थाना