Ratlam Crime News: महिला को पेड़ से बांधकर पीटने के आरोपितों का निकाला जुलूस, जेल भेजा
आरोपितों ने महिला के साथ लात-घूंसों, लकड़ी व कुल्हाड़ी से मारपीट की थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रस्सी खोलकर उसे अ ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Mon, 19 Dec 2022 06:56:28 PM (IST)Updated Date: Tue, 20 Dec 2022 07:56:21 AM (IST)

Ratlam Crime News: आलोट/रतलाम (नईदुनिया न्यूज)। ग्राम तारागढ़ में महिला को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार उसके पति सहित सातों आरोपितों का जुलूस निकाला। मेडिकल कराने के बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सातों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में एक आरोपित फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महिला कुछ माह पहले अपने पड़ोसी के साथ कहीं चली गई थी। पांच-सात दिन बाद वापस घर लौटी थी व स्वजन से कहा था कि वह पड़ोसी के साथ ही रहेगी। इस पर पति व परिवार के अन्य लोगों ने कहा था कि ठीक है, उसी के साथ रहना, अब उनके घर मत आना।
इसके बाद वह पड़ोसी के साथ ही कहीं बाहर जाकर रह रही थी। वह 17 दिसंबर की दोपहर पति के घर लौट आई। दरवाजा खोलकर घर में गई व साफ-सफाई करने लगी। कुछ देर बाद आरोपित विक्रम पुत्र मांगू नायक, मुकेश पुत्र मांगू नायक, मोहन पुत्र गणपत नायक व दिनेश पुत्र मांगू नायक ने उसके पास जाकर विवाद करते हुए कहा था कि वह क्यों आई है।
आरोपितों ने ने गाली-गलोच कर उसे घसीटकर घर से कुछ दूर स्थित नीम के पेड़ से ले जाकर बांध दिया था। वहां आरोपित पति थानूलाल पुत्र चंदर नायक, जगदीश पुत्र लालू नायक, नारायण पुत्र रतनलाल नायक व कमल पुत्र उदयसिंह नायक भी पहुंच गए थे।
आरोपितों ने महिला के साथ लात-घूंसों, लकड़ी व कुल्हाड़ी से मारपीट की थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रस्सी खोलकर उसे अस्पताल भिजवाया था, जहां उसका इलाज चल रहा है। विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज आलोट पुलिस ने मोहन को छोड़कर शेष सात आरोपितों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया था।
थाने से अस्पताल व न्यायालय ले गए पैदल
पुलिस गिरफ्तार आरोपित थानूलाल, विक्रम, मुकेश, दिनेश, जगदीश, नारायण व कमल को सोमवार दोपहर आलोट थाना से पैदल जुलूस के रूप में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। आरोपितो के देखने के लिए रास्तों व अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद आरोपितों को अस्पताल से न्यायालय तक भी पैदल ही ले जुलूस के रूप में ले जाया गया। थाना प्रभारी शिवमंगलसिंह सेंगर ने बताया कि आरोपित मोहन की तलाश की जा रही है। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।