
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। मोहर्रम के अवसर पर गुरुवार रात पिपलौदा थाना के ग्राम हतनारा में ताजिया जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पंचमुखी महादेव मंदिर और मस्जिद के बीच मुख्य मार्ग पर निकल रहे ताजिए का ऊपरी हिस्सा 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। फॉल्ट होते ही ताजिए की वायरिंग और लोहे के हिस्सों में करंट फैल गया, जिससे ताजिया उठाकर चल रहे 12 से अधिक लोग झुलस गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
हादसा गुरुवार रात करीब 11.15 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराते ही तेज चिंगारी उठी और करंट पूरे ताजिए में फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों से रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन रास्ते में 32 वर्षीय रशीद खान, 40 वर्षीय सड्ड खान तथा अरबाज खान की मौत हो गई।

घायलों में अनस खान, मोईन खान, इरफान खान, अमजद खान, अरबाज खान, शकील मंसूरी, अख्तियार खान, रहीम खान, इब्राहिम खान, शाहरूख हुसैन, रईस तथा वहीद खान सहित 12 से अधिक लोग शामिल हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि ताजिया करीब 10 से 15 फीट ऊंचा था, लेकिन उठाने के बाद उसकी कुल ऊंचाई लगभग 20 फीट हो गई, जिससे वह 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष इसी मार्ग से ताजिया निकाला जाता है और जुलूस के दौरान संबंधित बिजली लाइन की आपूर्ति बंद कर दी जाती है।
आशंका जताई जा रही है कि इस बार बिजली आपूर्ति बंद नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार पहले ताजिए मुख्य रूप से लकड़ी से बनाए जाते थे, लेकिन बारिश से बचाव के लिए अब उनमें लोहे के पाइप और लोहे की प्लेट वाली छत का भी उपयोग होने लगा है। हाईटेंशन लाइन से संपर्क होते ही करंट लोहे के एंगल और ताजिए में लगी लाइटिंग की वायरिंग के माध्यम से नीचे तक फैल गया।
ताजिए के निचले हिस्से में लगी लकड़ी की बल्लियां पकड़कर चल रहे लोगों को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ, जबकि लोहे के हिस्सों के संपर्क में रहे लोगों को गंभीर करंट लगा। रतलाम शहर एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।