
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। नगर निगम के सम्मेलन में वीर सावरकर को लेकर हुए विवाद के मामले में सोमवार देर रात कांग्रेस पार्षद सलीम बागवान के खिलाफ थाना स्टेशन रोड पर भावनाएं भड़काने व शांति भंग करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मालूम हो कि सोमवार को आयोजित निगम के साधारण सम्मेलन में कांग्रेस पार्षद सलीम बागवान द्वारा वीर सावरकर को देशद्रोही बताए जाने पर सदन में जमकर हंगामा हुआ था।
भाजपा और कांग्रेस पार्षद आमने-सामने आ गए थे। विवाद बढ़ने पर दोनों दलों के पार्षद सदन से बाहर सड़क पर उतर आए और एक-दूसरे के पुतले जलाए तथा चूड़ियां भेंट कर विरोध जताया। सम्मेलन के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने वीर सावरकर के इतिहास से जुड़े पर्चे सदन में फेंके और महापौर प्रहलाद पटेल को भी थमाए, जिन्हें महापौर ने फेंक दिया।
हंगामे के बीच कांग्रेस पार्षद सम्मेलन से वॉकआउट कर चले गए थे। मामले में वार्ड 22 के भाजपा पार्षद विशाल शर्मा पुत्र जगदीशचंद शर्मा द्वारा थाना स्टेशन रोड पर लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में उल्लेख किया गया कि निगम सम्मेलन में वार्ड 24 के कांग्रेस पार्षद सलीम बागवान ने अपने वक्तव्य के दौरान वीर सावरकर को देशद्रोही बताते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिकायत में यह भी कहा गया कि वीर सावरकर देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महान क्रांतिकारी रहे हैं, जिन्होंने जेल और काले पानी की सजा तक झेली। ऐसे महापुरुष को देशद्रोही बताना न केवल उनकी छवि को धूमिल करना है, बल्कि देशवासियों की आस्था एवं भावनाओं को आहत करना भी है। बागवान के इस कृत्य से धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं भड़की हैं और शहर में अशांति फैलाने का प्रयास किया गया है।