दिल्ली में प्रदर्शन के चलते रतलाम रेल मंडल की कई ट्रेनें प्रभावित, दो ट्रेनें पांच घंटे देरी से चलेंगी, चार निरस्त
मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। रतलाम रेल मंडल से होकर गुजरने वाली और इंदौर सहित डॉ. अम्बेडकर नगर से चलने वा...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 01:34:21 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 01:41:26 PM (IST)
रतलाम रेल मंडल की कई ट्रेनें प्रभावित। -फाइल फोटोHighLights
- परिचालनिक कारण बताए, प्रदर्शन से जोड़कर देखे जा रहे बदलाव
- इंदौर सहित डॉ. अम्बेडकर नगर से चलने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव
- प्रदर्शन से इन बदलावों का सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। रतलाम रेल मंडल से होकर गुजरने वाली और इंदौर सहित डॉ. अम्बेडकर नगर से चलने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने 9 अक्टूबर को दो ट्रेनों को उनके निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से चलाने का निर्णय लिया है, जबकि चार ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है।
यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है, जब 10 अक्टूबर को नई दिल्ली में सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन की चर्चा है। ऐसे में रेल परिचालन में हुए बदलावों को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, रेलवे की ओर से जारी जानकारी में ट्रेनों के निरस्त होने और पुनर्निर्धारित किए जाने का कारण परिचालनिक बताया गया है। प्रदर्शन से इन बदलावों का सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दो ट्रेनें पांच घंटे देरी से चलेंगी
- 12951 मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस: अपने प्रारंभिक स्टेशन से निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से रवाना होगी।
- 12953 मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति एक्सप्रेस: अपने प्रारंभिक स्टेशन से निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से रवाना होगी।
चार ट्रेनें निरस्त
परिचालनिक कारणों से रेलवे ने चार ट्रेनों को निरस्त किया है। इनमें इंदौर और डॉ. अम्बेडकर नगर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
- 20155 डॉ. अम्बेडकर नगर–नई दिल्ली एक्सप्रेस
- 09309 इंदौर–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल एक्सप्रेस
- 12415 इंदौर–नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- 12247 बांद्रा टर्मिनस–हजरत निजामुद्दीन युवा एक्सप्रेस
यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेने की सलाह
ट्रेनों के समय में बदलाव और निरस्तीकरण के कारण दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेलवे पूछताछ सेवा या संबंधित स्टेशन से अवश्य पता कर लें।
फिलहाल, रेलवे की ओर से इन बदलावों के पीछे परिचालनिक कारणों का उल्लेख किया गया है। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन और रेल सेवाओं में हुए बदलावों के बीच संबंध को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।