
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम, बाजना : बाजना थाना क्षेत्र के मानपुरा के जंगल में रविवार सुबह गंभीर रूप से बीमार मिले तेंदुए की उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को उपचार के लिए पशु चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम पंचायत मानपुरा के जंगल में ग्रामीणों ने तेंदुए को अचेत और गंभीर हालत में देखा। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। तेंदुए की हालत नाजुक देखकर उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बीमार तेंदुए के आसपास ग्रामीणों की भीड़ और कुछ लोगों द्वारा उसे पकड़ने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में तेंदुए द्वारा ग्रामीणों की ओर हमला करने का प्रयास करते हुए दिख रहा है। मौके पर वन विभाग का अमला भी नजर आ रहा है। वन विभाग अब वीडियो और मौके की परिस्थितियों की भी जांच कर रहा है।
मौत के बाद मौके पर ही तेंदुए का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया। कुंदनपुर परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर निमिष जैन ने बताया कि तेंदुआ शनिवार से क्षेत्र में देखा गया था। बीमार होने के कारण उसे कुछ दिख भी नहीं रहा था। रविवार को सूचना मिलने पर टीम पहुंची थी। उपचार किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने से तेंदुए की मौत हो गई। तेंदुए की उम्र करीब पांच साल थी और शरीर पर कोई घाव नहीं था।
बताया जा रहा है कि इसी क्षेत्र में शुक्रवार रात भी तेंदुए की गतिविधि सामने आई थी। ग्राम पंचायत लालपुरा के मानपुरा/कुवारी माता क्षेत्र के टीमरू फलिया में भेरू पुत्र रजिया कटारा के घर के पास बंधी दो बकरियों पर रात करीब 1 बजे तेंदुए ने हमला किया था। इसमें एक बकरी घायल हो गई, जबकि दूसरी बकरी को तेंदुआ अपने साथ ले गया। हालांकि वन विभाग के अधिकारी इसे अन्य वन्य जीव द्वारा हमला करने की बात कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें- आलीराजपुर के रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, शिकार के चक्कर में कुएं में गिरा; वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू