
नईदुनिया प्रतिनिधि, सैलाना (रतलाम)। सैलाना स्थित एकलव्य मॉडल स्कूल के विद्यार्थी स्कूल और छात्रावास की समस्याओं को लेकर सोमवार को करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर रतलाम कलेक्ट्रेट पहुंचे। विद्यार्थियों का आरोप है कि शिक्षक समय पर नहीं आते, इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रावास में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं भी ठीक नहीं हैं।
विद्यार्थियों ने अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए कलेक्टर से मुलाकात की मांग की। कलेक्टर के नगर से बाहर होने की जानकारी मिलने के बाद भी विद्यार्थी कलेक्ट्रेट परिसर में बैठे रहे। उनके साथ आदिवासी संगठन जयस के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
विद्यार्थियों का कहना है कि वे करीब एक महीने से समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही। वे अपनी बात सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहते थे। विद्यार्थियों के पैदल रतलाम आने की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी रास्ते में पहुंचे। उन्हें रतलाम लाने के लिए बस की व्यवस्था की गई, लेकिन विद्यार्थी बस में बैठने को तैयार नहीं हुए।
उनके पीछे खाली बस और अधिकारियों के वाहन चलते रहे। स्कूल की ओर से विद्यार्थियों को नाश्ता भी उपलब्ध कराया जा रहा था।
जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका राय ने विद्यार्थियों की शिकायतों की जांच करने की बात कही। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले स्कूल का निरीक्षण किया था। अब विद्यार्थियों के साथ स्कूल जाकर समस्याओं की स्थिति देखी जाएगी। उन्होंने स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच संवाद की कमी होने की संभावना भी जताई।
स्कूल प्राचार्य नरेंद्र गंगवार ने बताया कि छात्रावास के बाथरूम से जुड़ी कुछ छोटी समस्याएं दूर करा दी गई हैं। बड़े निर्माण और मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के माध्यम से होने हैं। इसके लिए पत्र भेजा जा चुका है। एस्टीमेट तैयार होने और फंड मिलने के बाद काम कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- रतलाम में छोटे भाई ने बड़े का हाथ काटा, घर ले जाकर फेंका, खेत में बिजली के तार उठाने की बात पर हुआ था विवाद
उन्होंने बताया कि अर्थशास्त्र के नियमित शिक्षक को दूसरी जगह अटैच किए जाने के कारण फिलहाल अतिथि शिक्षक पढ़ा रहे हैं। विद्यार्थियों ने भौतिकी की पढ़ाई को लेकर भी शिकायत की है। संबंधित शिक्षक से चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
प्राचार्य के अनुसार विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म और रोजमर्रा की जरूरी सामग्री दी जा चुकी है। भोजन नियमित रूप से मिल रहा है। भोजन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए मेस कमेटी बनाई गई है। स्कूल में कुल 398 विद्यार्थी हैं, जिनमें कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के करीब 200 विद्यार्थी शामिल हैं।