
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित सिविक सेंटर में गुरुवार को गाय का कटा सिर और अन्य अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन और गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने गाय का कटा सिर सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे बीत जाने के बाद भी नगर निगम का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया।
.jpg)
क्या है मामला
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गौ माता के अवशेष मिले हैं, लेकिन मौके पर पहुंचने पर जो दृश्य सामने आया उसने सभी को झकझोर दिया। उनका कहना था कि यह सिर्फ अवशेष नहीं थे, बल्कि गाय के शरीर का आधा हिस्सा था, जिसे पुलिस वाहन में रखा गया है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रतलाम में इस प्रकार की यह दूसरी घटना है। उनका कहना था कि हर बार प्रशासन केवल आश्वासन देकर मामला शांत करने का प्रयास करता है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती। गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने और डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया।
थाने में आवेदन देने के बाद कार्रवाई नहीं
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक गौमाता के पूरे अवशेष बरामद नहीं किए जाते और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका आरोप था कि थाने में आवेदन देने के बाद भी पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं करती।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।
यह भी पढ़ें- सिवनी में 43 लाख के गांजा के साथ कार जब्त, भोपाल के दो आरोपी गिरफ्तार