
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। ओडिशा से भोपाल गांजा की बड़ी खेप ले जा रहे अंतरराज्यीय तस्करों गिरोह के दो आरोपियों को जिले की लखनादौन पुलिस ने पकड़ा है।
रात गोपनीय सूचना पर लखनादौन एसडीओपी अपूर्व भलावी के नेतृत्व में छपारा व लखनादौन पुलिस थानों के संयुक्त दल ने बम्होड़ी ब्रिज के पास घेराबंदी कर लगभग 87 किलोग्राम गांजा कार की पिछली सीट के नीचे शातिर तरीके से तस्कारों ने छिपाया था, जिसे जब्त कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर मूलत: भोपाल निवासी हैं, जिन्हें आज न्यायालय में पेश कर 5 दिनों की पुलिस रिमांड ली गई है। आरोपितों जाकिर मिया (58) व कमल जाटव (41) ने प्रारंभिक पूछताछ में पहले भी गांजा तस्करी करना स्वीकार किया है।
इस मामले की जांच में अन्य सहयोगियों के नाम सामने आने पर उन्हें भी प्रकरण में आरोपित बनाया जाएगा। इस्तेमाल स्विफ्ट कार की कुल अनुमानित मूल्य लगभग 51.30 लाख बताया है। प्रेस वार्ता में एएसपी दीपक मिश्रा के अलावा कार्रवाई शामिल पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि 27 मई को मुखिबर से मिली सूचना पर एक स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक एमपी 49 सी 3251) से नागपुर से भोपाल की ओर अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर जा रही है। इस सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।
एसडीओपी अपूर्व भलावी के नेतृत्व में लखनादौन थाना प्रभारी केपी धुर्वे व छपारा थाना प्रभारी खैमेन्द्र जैतवार की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने लखनादौन स्थित बम्होडी ब्रिज के पास घेराबंदी कर कार को रोका। कार सवार दोनों व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ व वाहन की सघन तलाशी लेने पर पुलिस कर्मचारी हैरान रह गए।
आरोपितों ने कार की सीट के नीचे एक विशेष चेंबर बना रखा था, जिसमें उन्होंने गांजा छिपाया था। पुलिस को अंदेशा है कि पूर्व भी इस कार वाहन का उपयोग गांजा तस्करी के लिए किया गया होगा। कार वाहन किसी दिनेश पटेल के नाम पर दर्ज है, जिसके बारे में पुलिस जानकारी एकत्रित कर रही है।
पकड़े आरोपितों में भोपाल निवासी जाकिर मियां पुत्र पीर मिया (58) तथा कमल पुत्र दौलतराम जाटव (41) शामिल हैं। लखनादौन थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपितों को रिमांड में लेकर उनके तस्करी नेटवर्क के बारे में पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। आरोपितों ने पूर्व में 4 से 5 बार ओडिशा से भोपाल गांजा की खेप पहुंचाने की बात स्वीकार की है, मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल एसडीओपी अपूर्व भलावी, थाना प्रभारी केपी धुर्वे, थाना प्रभारी खैमेन्द्र जैतवार, सउनि प्रदीप शर्मा, आरक्षक धनेश्वर यादव, ओमप्रकाश धुर्वे व लकेश पटले की टीम को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। साथ ही एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर जीरो टालरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे के कारोबार की सूचना निर्भीक होकर पुलिस को दें।