
जयदीप गुर्जर, नईदुनिया, रतलाम : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पथराव रोकने के लिए रतलाम और झाबुआ पुलिस की बॉर्डर मीटिंग के बावजूद थांदला क्षेत्र में घटनाएं थम नहीं रही हैं। गुरुवार को मोड़ी गांव के पास दोपहर में मवेशी चरा रहे 13 से 16 वर्ष के बच्चों ने सूरत की ओर जा रहे ट्रक पर पथराव कर दिया। अचानक पत्थर आने से चालक घबरा गया। आसपास मौजूद दूसरे ट्रक चालकों ने बच्चों का विरोध किया तो उन्होंने उन पर भी पत्थर बरसाए और भाग गए।
गरोठ निवासी ट्रक चालक श्रवण मंडलोई ने बताया कि वह ट्रक लेकर एक्सप्रेस वे से गुजर रहे थे। इसी दौरान सूरत की ओर जा रहे ट्रक पर मोड़ी गांव के पास अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। आसपास चल रहे दूसरे ट्रक चालकों व मैंने जब इसका विरोध किया तो बच्चों ने उन पर भी पत्थर बरसाए।
इसके बाद वे वहां से भाग गए। श्रवण ने पुलिस से शिकायत की। अचानक पथराव होने पर चालक समझ नहीं पाता कि वाहन रोके या आगे बढ़े। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने कुछ नाबालिग को पकड़ा और उनके स्वजनों को हिदायत दी। साथ ही ग्रामीणों को समझाइश देकर इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने की बात कही गई।
थांदला क्षेत्र में पिछले दिनों पथराव की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 19 सितंबर की रात थांदला से करीब 10 किलोमीटर आगे आधा दर्जन से अधिक वाहनों को निशाना बनाया गया था। इनमें भाजपा नेता सोनू यादव की कार का साइड ग्लास टूट गया था।
एक कार में सवार लोगों ने मोबाइल से पथराव का वीडियो भी बनाया था। इसके बाद 21 सितंबर को रतलाम और झाबुआ पुलिस अधिकारियों की बॉर्डर मीटिंग हुई थी। इसमें माही नदी पुल के आसपास करीब 10 से 15 किलोमीटर बेल्ट को विशेष निगरानी क्षेत्र चिह्नित किया गया था।
संयुक्त पेट्रोलिंग, हॉट स्पॉट पर दोनों जिलों की ओर से एक-एक पेट्रोलिंग वाहन और एक-चार सशस्त्र बल तैनात करने तथा थर्मल ड्रोन से निगरानी शुरू की गई। माही नदी पुल पार करने के करीब आधा किलोमीटर बाद झाबुआ की ओर स्थित रेस्ट एरिया में पुलिस सेवा केंद्र भी शुरू किया गया है। इसके बावजूद 24 सितंबर को फिर इसी क्षेत्र में वडोदरा निवासी लखन जाट की कार पर पथराव हुआ था और अब यह दूसरी घटना है।
रात की घटनाओं पर अंकुश लगा है। इस मामले में मवेशी चराने वाले किशोरों को चिन्हित कर समझाइश दी गई। प्रतिदिन गांव में बैठक की जा रही है। पेट्रोलिंग भी मजबूत की गई है। -देवेंद्र पाटीदार, एसपी झाबुआ
यह भी पढ़ें- रतलाम में भारी बवाल, निवेश क्षेत्र के विरोध में पुलिस पर पथराव, दागने पड़े आंसू गैस के गोले; सरपंच सहित 20 हिरासत में