
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शहर के धाकड़ीपुरा क्षेत्र में रविवार दोपहर आवारा कुत्तों के झुंड ने तीन साल की बच्ची जोया खान पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोच लिया, जिससे उसके सिर, पेट और पैर पर गंभीर घाव हो गए। घायल बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। बच्ची के पिता ने पड़ोसी के खिलाफ पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
धाकड़ीपुरा निवासी फिरोज खान ने बताया कि उनके पड़ोसी मंजर खान द्वारा क्षेत्र में कुत्तों को खाने-पीने की सामग्री डाली जाती है। इसके चलते वहां चार से छह कुत्ते हमेशा जमा रहते हैं। फिरोज का आरोप है कि ये कुत्ते कई बार लोगों को काटने का प्रयास कर चुके हैं। उन्हें रोकने पर पड़ोसी द्वारा गाली-गलौज की जाती है।
फिरोज के अनुसार, रविवार दोपहर 2:30 बजे कुत्तों ने उनकी तीन साल की बेटी जोया पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची के सिर, पेट और पैर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
इस संबंध में शिकायत करने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को पड़ोसी के खिलाफ आवेदन दिया है और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 12 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतरा, भूमि अधिग्रहण पर किसानों को 4 गुना मुआवजा