
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : दीपावली सहित आगामी त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उत्राण-लालकुआं के बीच विशेष किराए पर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
09129 उत्राण-लालकुआं स्पेशल पांच और 12 नवंबर गुरुवार को उत्राण से दोपहर तीन बजे रवाना होकर दाहोद (8:18/8:20), रतलाम (10:25/10:35) और नागदा (11:38/11:40) होते हुए अगले दिन शाम 4:10 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
वापसी में 09130 लालकुआं-उत्राण स्पेशल छह और 13 नवंबर शुक्रवार रात 10 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन नागदा (2:55/2:57), रतलाम (3:30/3:40) और दाहोद (5:05/5:07) होते हुए रात 10:15 बजे उत्राण पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में अंकलेश्वर, भरूच, वडोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी और किच्छा में ठहराव रहेगा। ट्रेन में एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।
शाजापुर : रात को रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले 50 वर्षीय अधेड़ की सुबह रेलवे पटरी पर लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार रात घर से निकले राजेश पाटीदार वापस नहीं लौटे थे। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मंगलवार सुबह शाजापुर रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर ग्राम बरवाल के पास रेलवे ट्रैक पर उनका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान राजेश पुत्र सूरज सिंह पाटीदार निवासी कृष्णा कालोनी, मंडी के पास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजेश सोमवार रात करीब 9 बजे घर से टहलने निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह बरवाल के पास रेलवे पटरी पर शव होने की सूचना स्टेशन मास्टर को मिली। स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
सिर पर गंभीर चोट, कई पहलुओं से जांचकोतवाली पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी नवीन बिलावलिया ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट थी। प्रारंभिक तौर पर ट्रेन की चपेट में आने या ट्रेन से गिरने की आशंका है। पटरी के सहारे चलते समय ट्रेन से टकराने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- 'रेल मदद' बनी मां के लिए फरिश्ता, तीन साल के बच्चे के लिए उसलापुर स्टेशन मिनटों में उपलब्ध कराया गर्म दूध