
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शिवगढ़ में सोमवार दोपहर तेजा दशमी के जुलूस के दौरान चेकिंग में चाकू मिलने के बाद हंगामा हो गया। पुलिसकर्मी चाकू मिलने वाले युवक से पूछताछ कर रहे थे, तभी उसके साथी ने आरक्षक को चांटा मार दिया। उसे पकड़ने की कोशिश की तो युवक ने आरक्षक का गला पकड़ लिया। आरक्षक ने युवक को पकड़कर उसे काबू में किया। इस दौरान भी वह पुलिस से बदतमीजी करता रहा।
घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया और तेजी से वायरल हो गया। हालांकि पुलिस ने आरोपित युवक पर प्रकरण दर्ज नहीं किया और उसे माफी मांगने के बाद छोड़ दिया। मामले में एसपी अमित कुमार ने मामले की जांच एसडीओपी से कराने व आरक्षक की ओर से एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
सोमवार को तेजा दशमी के अवसर पर शिवगढ़ में जुलूस निकाला गया था। जुलूस में काफी भीड़ थी और शिवगढ़ थाने के पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने कुछ लड़कों के झुंड की तलाशी ली। तलाशी में एक युवक के पास से चाकू मिला। आरक्षक कंवरलाल और नितेश जाटव युवक को पकड़कर उससे पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान आसपास भीड़ जमा हो गई।
चाकू मिलने वाले युवक के दोस्त ने पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए आरक्षक कंवरलाल को चांटा मार दिया। आरक्षक ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो युवक ने उनका गला पकड़ लिया। आरक्षक ने उसके बाल पकड़कर उसे काबू में कर लिया।
हंगामा होने पर आरक्षक नितेश जाटव ने भीड़ को तितर-बितर किया और पुलिसकर्मियों से मारपीट करने पर सख्ती दिखाई। पुलिसकर्मियों ने युवक को बाइक पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह विरोध करता रहा। इसके बाद आरक्षक कंवरलाल ने उसे जबरन उठाकर बाइक के बीच में बैठाया और थाने ले गए।
पुलिसकर्मी को चांटा मारने वाले युवक की पहचान 19 वर्षीय मिथुन निवासी खेरखूंटा थाना सरवन के रूप में हुई है। पुलिस उसे पकड़कर थाने लाई तो उसने माफी मांग ली। इसके बाद उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और उसे छोड़ दिया गया।
वहीं, जिस युवक के पास से चाकू बरामद हुआ था, उसकी पहचान 20 वर्षीय बंटू पुत्र थावरा निवासी बरड़ा थाना सरवन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी रणजीतसिंह मकवाना ने बताया कि चाकू मिलने वाले बंटू के दोस्त मिथुन ने विवाद करते हुए आरक्षक से मारपीट की। उसे थाने लाया गया, जहां उसने माफी मांग ली। इस कारण उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। चाकू मिलने वाले बंटू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।