
रीवा,नईदुनिया प्रतिनिधि। 17 साल के जुड़वा भाई नहर में डूब गए। दोनों कोचिंग से निकलकर अपने दोस्तों के साथ नहर गए थे, जहां नहाते समय अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद से दोनों का कोई पता नहीं चला है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
दोनों जुड़वा भाई रोज की तरह मंगलवार को भी कोचिंग पढ़ने गए थे। कोचिंग से छूटने के बाद वे अपने 3-4 दोस्तों के साथ नहर की तरफ चले गए। बताया जा रहा है कि गर्मी और थकान के चलते सभी दोस्त नहर में नहाने उतर गए। इसी दौरान दोनों भाई अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए। उन्हें तैरना ठीक से नहीं आता था।
पानी में डूबते देख दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे खुद भी डर गए और बाहर निकल आए। दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों भाई पानी में समा चुके थे। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। शाम ढल चुकी थी, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आई। गोताखोरों ने कुछ देर तक तलाश की, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण रात में ऑपरेशन को रोकना पड़ा। दोनों भाई पूरी रात लापता रहे।
गुरुवार सुबह होते ही फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की टीम नहर में लगातार तलाश कर रही है। नहर का पानी कम कराने के लिए भी संबंधित विभाग से संपर्क किया गया है, ताकि तलाश में आसानी हो। परिजन नहर किनारे ही बैठे हुए हैं और हर पल अपने बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए हैं।
लोगों का कहना है कि इस नहर में पहले भी कई बच्चे और युवक डूब चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने यहां कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की है। न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं, न बैरिकेडिंग की गई है और न ही गोताखोरों की स्थायी व्यवस्था है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
यह भी पढ़ें- रीवा मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, आईसीयू में डॉ. इंदुलकर की हालत गंभीर; सरकार ने किया तबादला