
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय रीवा में इन दिनों दोहरा संकट छाया हुआ है। एक तरफ जहां जूनियर डॉक्टर अपनी महिला साथी को न्याय दिलाने के लिए हड़ताल पर चले गए हैं।
विवादों में घिरे पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इसी बीच राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए डॉ. मनोज इंदुलकर को प्राध्यापक के रूप में सतना मेडिकल कॉलेज में पदस्थ कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल छात्रा द्वारा मेडिसिन विभाग के तत्कालीन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद से कॉलेज का माहौल गर्म है। छात्रा ने आरोप लगाया था कि डॉक्टर उसे गिफ्ट देते हैं, कपड़ों की तारीफ करते हैं और पीछा करते हैं।
इस मामले में निष्पक्ष जांच और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब तक आंतरिक शिकायत समिति की जांच पूरी नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं दूसरी ओर डॉ. मनोज इंदुलकर शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। दिनभर चले हंगामे और तनाव के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हो रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उनके समर्थकों और परिजनों में चिंता का माहौल है।
इसी बीच राज्य सरकार ने इस विवाद को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सरकार ने डॉ. मनोज इंदुलकर को रीवा से हटाकर प्राध्यापक के पद पर सतना मेडिकल कॉलेज में पदस्थ कर दिया है।
कॉलेज प्रशासन ने उन्हें 15 नवंबर को मेडिसिन विभाग के एचओडी पद से हटाकर डॉ. अनुराग चौरसिया को नया विभागाध्यक्ष बनाया था। अब तबादले के बाद रीवा मेडिकल कॉलेज में उनकी भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।
इस फैसले को लेकर डॉक्टरों के दो धड़े आमने-सामने आ गए हैं। एक धड़ा इसे छात्रा को न्याय दिलाने की दिशा में सही कदम बता रहा है, तो दूसरा धड़ा इसे बिना पूरी जांच के की गई जल्दबाजी बता रहा है।
सीनियर फैकल्टी का एक वर्ग इस तबादले को लेकर नाराज है और उसने प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।फिलहाल पूरा मामला जांच समिति और पुलिस के पास है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें- रीवा मेडिकल कॉलेज के HOD पर गंभीर आरोप, महिला बोली -पहनावे को लेकर करते हैं गलत टिप्पणी