
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। चित्रकूट में दीपदान कर लौट रहे रीवा जिले के श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। झांसी-मीरजापुर नेशनल हाईवे पर रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला टूटने से ट्रॉली पलट गई। हादसे में रीवा जिले के तीन श्रद्धालुओं समेत 4 की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में 6 साल के दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु दीपदान मेले में शामिल होने चित्रकूट आए थे। इनके साथ रीवा जिले के चाकघाट और बसहट गांव के रिश्तेदार भी थे।
सभी चित्रकूट पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। रामनगर कस्बा स्थित पावर हाउस के पास हाईवे पर तेज रफ्तार के दौरान ट्रॉली का हिच टूट गया। ट्रैक्टर आगे निकल गया और श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए।
हादसे में रीवा जिले के चाकघाट निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मण और बसहट निवासी 50 वर्षीय त्रिवेणी और 6 वर्षीय शिवांश पुत्र राजेश की मौत हुई है, जबकि प्रयागराज के ऊंचा गांव के 50 वर्षीय राधेकृष्ण की भी मौत हुई है। एक अन्य 6 वर्षीय बच्चे नन्हे पुत्र धर्मेंद्र की भी मौत की खबर है।
रैपुरा थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि सभी को सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां से सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों का इलाज जारी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जा रहा है।
घायलों में रीवा के चाकघाट की 36 वर्षीय संगीता पत्नी सतेंद्र, 53 वर्षीय महारानी पत्नी लक्ष्मण, बसहट के आठ वर्षीय पुष्पराज, 46 वर्षीय राजकुमारी और प्रयागराज के ऊंचा, खरकाखास और कोरहो गांव के 8 लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सोफे पर खेल रही 11 माह की बच्ची गिरी, खोपड़ी की हड्डी को तोड़ दिमाग में घुसी राॅड