
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। यहां पैसे न देने पर एक प्रसूता को प्रसव केंद्र में भर्ती करने से इनकार करने का मामला सामने आया है। बता दें कि सरैहा निवासी देववती बेवा वंश राखन बैगा ने बताया कि 28 अक्टूबर को उसकी पुत्रवधू सितारा पति अशोक कुमार बैगा को प्रसव पीड़ा हुई।
108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन देरी होने पर निजी ऑटो से मझौली अस्पताल ले जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से थोड़ी दूर पहले ही ऑटो में प्रसव हो गया। इसके बाद भी स्वजन जच्चा-बच्चा को लेकर अस्पताल के प्रसव केंद्र पहुंचे।
ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने नवजात का नाड़ा काटा, बच्चे को एक टीका और प्रसूता को एक इंजेक्शन लगाया। इसके बाद नर्स ने एक हजार रुपये की मांग की। गरीबी का हवाला देकर पैसा न देने पर नर्स ने यह कहकर भर्ती करने से इनकार कर दिया कि बच्चा घर में हुआ है।
आशा कार्यकर्ता बाभी ने मौके पर किसी अधिकारी को फोन पर सूचना दी, अधिकारी ने भर्ती करने को कहा, लेकिन स्टाफ नर्स ने उनकी भी नहीं सुनी। 3 घंटे इंतजार के बाद स्वजन जच्चा-बच्चा को घर वापस ले गए।
बताया जा रहा है कि लगभग एक माह पहले भी इसी तरह पैसे न देने पर नवजात की मौत हो गई थी, जिसके बाद आक्रोशित स्वजन ने शव सड़क पर रखकर 4 घंटे तक चक्का जाम किया था।
जानकारी मिली थी, मैंने भर्ती करने को कहा था, बाद में क्या हुआ पता नहीं।
कमलेश चौधरी, बीपीएम
मामला गंभीर है। जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
आकाश अग्रवाल, एसडीएम मझौली
यह भी पढ़ें- अज्ञात वाहन को डंपर बताकर मुआवजा लेने का प्रयास, हाई कोर्ट से 18.70 लाख रुपये का आदेश निरस्त