
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रघुनाथगंज के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अल्हौआ में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे युवक का उपचार रीवा के एसजीएमएच में जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को ग्राम अल्हौआ निवासी अजहरुद्दीन अंसारी (28) के साथ घटना हुई। आरोप है कि गांव के ही रामरहीश जायसवाल (23) ने अजहरुद्दीन को जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग की चपेट में आने से अजहरुद्दीन के चेहरे, सिर, पेट, सीना, दोनों हाथ, गर्दन और पीठ समेत शरीर के कई हिस्से झुलस गए। गंभीर हालत में उसे रीवा के एसजीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
25 अगस्त को फरियादी मो. सद्दाम (24), निवासी अल्हौआ, ने लौर थाने में दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत अपराध क्रमांक 376/26 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 25 अगस्त की रात करीब 8 बजे रामरहीश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे 26 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी मऊगंज सची पाठक के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह सहित उप निरीक्षक जगदीश ठाकुर, उप निरीक्षक अनन्त कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक अवनीश पाण्डेय तथा आरक्षक अजय मौर्य और शत्रुधन सिंह की भूमिका रही।पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। वहीं घायल अजहरुद्दीन के स्वास्थ्य को लेकर उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें- ईडब्ल्यूएस की 444 सीटें घटाकर 37 करने पर हाई कोर्ट सख्त, चार सप्ताह में कृषि विभाग से जवाब तलब