
नईदुनिया न्यूज, नईगढ़ी। मऊगंज से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आयी है जहा मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में देवलहा प्रपात के पास 12वीं की 21 वर्षीय छात्रा शालिनी साकेत का शव झाड़ियों और चट्टानों के बीच बरामद हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्गम पहाड़ियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला। इसी दौरान घटनास्थल के पास एक युवक विकास साकेत घायल अवस्था में मिला।
प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। छात्रा के परिजनों ने युवक पर शालिनी की हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शालिनी हायर सेकेंडरी स्कूल रामपुर में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। सुबह वह छोटी बहन से दवा लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम करीब 4 बजे पिता विष्णु प्रसाद साकेत ने फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। बुधवार को उसकी परीक्षा भी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत की खबर परिवार तक पहुंच गई।
बताया गया की पिता प्रयागराज में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देवगना निवासी विकास साकेत उर्फ एमपी उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। जबकी शालिनी की शादी इसी महीने तिलक और अप्रैल में विवाह के लिए तय थी।
पिता का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर बेटी की हत्या की गई। उन्होंने आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नईगढ़ी थाने के एसआई पीडी सोनवंशी के अनुसार, गत मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अष्टभुजी माता मंदिर के पीछे जंगल में नाले के पास कोई व्यक्ति मदद के लिए चिल्ला रहा है।
पुलिस टीम स्थानीय चरवाहों के साथ दुर्गम पहाड़ियों में पहुंची, जहां विकास घायल अवस्था में मिला। तलाश के दौरान शालिनी का शव भी बरामद हुआ। पुलिस ने रात करीब 12 बजे शव को बाहर निकाला और ढाई बजे अस्पताल पहुंचाया।पुलिस के अनुसार, घायल युवक के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 फीट चौड़ी सड़क पर कब्जा, 10-15 फीट में सिमटा आवागमन; दिनभर लगा रहता है जाम