
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आने से पहले ही मंच पर हड़कंप मच गया। पदयात्रा के मुख्य मंच पर लगा सीएम का बड़ा पोस्टर अचानक गिरने की कगार पर पहुंच गया। पोस्टर के झुकते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी दौड़कर मंच की ओर भागे। शनिवार को रीवा में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ विशाल पदयात्रा का आयोजन था। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री निमूबेन बांभनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शामिल होने वाले थे।
कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही एनसीसी ग्राउंड, टीआरएस कॉलेज और पद्मधर पार्क में तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मंच पर लगा सीएम का बड़ा पोस्टर / फ्लेक्स तेज हवा के कारण एक तरफ झुकने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पोस्टर को बांधने वाली रस्सी और फ्रेम कमजोर पड़ गया था, जिससे वह किसी भी समय गिर सकता था। नीचे खड़े कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और पोस्टर को पकड़कर गिरने से रोका।
मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने तुरंत मंच के आसपास के लोगों को हटाया और पोस्टर को दोबारा कसकर बांधा। कुछ देर के लिए मंच पर काम रोक दिया गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने पूरे मंच, बैनर और पोस्टर की जांच की। कमजोर बांस-बल्ली और ढीली रस्सियों को दोबारा टाइट किया गया, ताकि सीएम के आने के समय कोई अप्रिय घटना न हो।
वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि कैसे पोस्टर गिरने की स्थिति में पहुंच गया था और पुलिसकर्मी उसे संभालने में लगे थे। आसपास खड़े लोग भी घबराए हुए नजर आए। गनीमत रही कि पोस्टर किसी के ऊपर नहीं गिरा और बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। वीआईपी कार्यक्रम में मंच और पोस्टर की व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे रह गई? क्या पहले से मॉक चेक नहीं किया गया था? कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुबह से तेज हवा चल रही थी, इसलिए बैनर को और मजबूती से बांधना चाहिए था।
थोड़ी देर की अफरा-तफरी के बाद कार्यक्रम सामान्य हुआ और पदयात्रा अपने निर्धारित समय पर शुरू हुई। सीएम के पोस्टर वाली घटना कुछ देर के लिए चर्चा का विषय बनी रही, लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें- सात विभागों का प्रभार, प्रताड़ना के आरोप और सुरक्षा की गुहार; सहायक कुलसचिव ने मांगा तबादला