
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय एक बार फिर अधिकारियों के बीच विवाद और गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस बार विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव ज्योति खराड़ी ने उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर मानसिक प्रताड़ना, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और झूठी शिकायतों के जरिए फंसाने की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए हैं।
उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों में जबलपुर में काम करना मुश्किल बताते हुए दूसरे विश्वविद्यालय में स्थानांतरण की मांग की है। साथ ही अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव से जांच प्रतिवेदन मांगा है।
सहायक कुलसचिव ने अपने पत्र में कार्य विभाजन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय में तीन सहायक कुलसचिव पदस्थ हैं, लेकिन जिम्मेदारियों के बंटवारे में उनके साथ असमानता बरती जा रही है।
उनके अनुसार अन्य सहायक कुलसचिवों को तीन और एक विभाग का प्रभार दिया गया है, जबकि उन्हें अकेले सात महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें गोपनीय, अकादमिक, भंडार, मुद्रणालय, अतिथि गृह, वाहन प्रभारी और सीएम हेल्पलाइन एल-1 शामिल हैं। उन्होंने इसे कार्यभार के असमान वितरण का मामला बताया है।
पत्र में सहायक कुलसचिव ने आरोप लगाया है कि अनुचित कार्य करने से इनकार करने पर उन्हें अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने अपमानित करने की धमकियां दी गईं। राजभवन और उच्च शिक्षा विभाग में उनके खिलाफ झूठी शिकायतें करवाने, राजनीतिक दबाव बनाने तथा छात्र संगठनों के सामने उनकी छवि खराब करने की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने इन परिस्थितियों को मानसिक प्रताड़ना बताते हुए शासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
ज्योति खराड़ी ने पत्र में बताया है कि उनका मूल निवास रतलाम है और उनके माता-पिता भी वहीं रहते हैं। उन्होंने मांग की है कि जब तक वे जबलपुर में पदस्थ हैं, तब तक उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उनका स्थानांतरण सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर अथवा डा. बीआर आंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू में किया जाए।
कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि भंडार विभाग से समय पर स्टेशनरी, प्रिंटर कार्ट्रिज, फोटोकापी मशीन के टोनर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। इसके कारण डिग्री और अंकसूची तैयार करने जैसे जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे थे।
सामग्री उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भंडार विभाग की है, इसलिए इस संबंध में भंडार प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसी तरह परीक्षाओं के परिणाम समय पर घोषित नहीं होने और विश्वविद्यालय की ओर से खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने जाने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक सूट जैसी जरूरी सामग्री उपलब्ध नहीं कराने के मामलों में भी जानकारी मांगी गई थी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के पाटन में बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी की हत्या, इलाके में सनसनी