
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। शहर के पुलिस लाइन स्थित शासकीय आवास में कांस्टेबल पीयूष मिश्रा ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कांस्टेबल को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार पीयूष मिश्रा वर्तमान में विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ हैं और पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रह रहे हैं। गुरुवार शाम करीब 7 बजे उसने अपने कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया।
कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे बेसुध हालत में देखा तो तत्काल पुलिस के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गई। डॉक्टरों के अनुसार जहर की मात्रा अधिक होने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
पीयूष मिश्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सूत्रों की मानें तो वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में हैं।
पारिवारिक कलह और ड्यूटी के दबाव को भी कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है।
एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच कर कुछ दवाइयों के रैपर और एक सुसाइड नोट होने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने नोट मिलने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- दशहरे के बाद बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर; भीड़ में जाने से बचें