
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। शहर के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के बाद 27 वर्षीय प्रसूता रचना रजक की मौत और अस्पताल प्रबंधन द्वारा मीडिया पर लगाए गए कथित अघोषित प्रतिबंध की गूंज अब दिल्ली तक पहुंच गई है। इस गंभीर मामले पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाया है।
मंत्रालय के अधीन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र जारी कर त्वरित जांच और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिले के गढ़ निवासी 27 वर्षीय रचना रजक को प्रसव के लिए जीएमएच में भर्ती कराया गया था। सामान्य प्रसव के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बच्चेदानी में इंफेक्शन होने की बात कहकर ऑपरेशन की सलाह दी।
परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन कर बच्चेदानी तो निकाल दी गई, लेकिन इसके बाद शुरू हुआ अत्यधिक रक्तस्राव नहीं रुक सका और 11 अक्टूबर 2026 को रचना ने दम तोड़ दिया। हालांकि, इस घटना में नवजात शिशु सुरक्षित बच गया। मामले मे मृतका के रिश्तेदार संजय रजक व अन्य परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था।
परिजनों का दावा था कि भर्ती के समय रचना पूरी तरह स्वस्थ थी। आरोप यह भी था कि अस्पताल प्रबंधन ने मौत की सूचना तत्काल परिजनों को नहीं दी और बाद में समझाइश देकर अंतिम संस्कार के लिए शव को जल्दबाजी में अस्पताल से रवाना कर दिया।
वही इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि मामले को दबाने के लिए प्रबंधन ने चुप्पी साध ली और अस्पताल परिसर में मीडिया की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही डीन और अधीक्षक द्वारा डॉक्टरों को भी मीडिया में किसी भी तरह का बयान देने से सख्त मना कर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के सहायक महानिदेशक डॉ. सुमित कुमार कांसोटिया द्वारा 25 नवंबर 2026 को जारी किए गए इस निर्देश के बाद स्थानीय प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।अब राज्य स्तर से उच्च स्तरीय जांच टीम गठित होने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है।
फिलहाल जीएमएच में कल्पना मिश्रा सहित अन्य प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों और मीडिया प्रतिबंध को लेकर सिरमौर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सर्वेश कुमार सोनी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग को संयुक्त शिकायत भेजी थी।
शिकायत में मीडिया बैन को संविधान का उल्लंघन बताते हुए कई प्रमुख मांगें रखी गई जिसमे एम्स भोपाल या जबलपुर मेडिकल कॉलेज के बाहरी विशेषज्ञों की टीम से स्वतंत्र मातृ मृत्यु ऑडिट कराया जाए।दोषी डॉक्टरों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत आपराधिक लापरवाही का मामला दर्ज हो। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल अंतरिम मुआवजा प्रदान किया जाए।
यह भी पढ़ें- वन्यजीव अपराधों की जांच के लिए जबलपुर में तैयार होंगे विशेषज्ञ, आधुनिक तकनीकों पर फोकस