नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रीवा-सिंगरौली रेल परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण और अवार्ड पारित होने के बाद भी कोई रेलवे लाइन के काम में बाधा डाले तो पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्रवाई करें।
संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सिविल जेल की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। काम किसी भी स्थिति में न रुके और परियोजना जल्द पूरी हो।
नामांतरण राजस्व रिकॉर्ड में रेलवे के नाम दर्ज किया जाए
कमिश्नर ने कहा कि जिन गांवों में अवार्ड पारित हो चुके हैं, वहां हितग्राहियों के बैंक खाते जुटाकर मुआवजा वितरण की तैयारी की जाए। तकनीकी कारणों से विफल हुए भुगतान रेलवे हितग्राहियों के खातों में करे बाद में शासन यह राशि रेलवे को लौटाएगा। अधिग्रहित भूमि का नामांतरण राजस्व रिकॉर्ड में रेलवे के नाम दर्ज किया जाए।
एलाइनमेंट का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि रीवा जिले के खेड़ा, पडरा और बासा में धारा 19 की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। ओढ़नी कला, ओढ़ली खुर्द और रौरा के एलाइनमेंट का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। सीधी जिले के रामपुर नैकिन-चुरहट खंड के मझियार में तीन और रघुनाथपुर में छह भूस्वामियों का मुआवजा बाकी है।
ग्राम झांझ में कुछ लोगों की बाधा से आरओबी का काम रुका
ग्राम झांझ में कुछ लोगों की बाधा से आरओबी का काम रुका है। कलेक्टर ने बताया कि कुछ हितग्राहियों के गांव से बाहर होने के कारण भुगतान नहीं हो सका, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। कुछ गांवों में धारा 23 का प्रकाशन हो चुका है, लेकिन भुगतान शेष है।
नौढ़िया में अधिग्रहित भूमि पर बस्ती हटाने के निर्देश
गोपद बनास तहसील के नौढ़िया में अधिग्रहित भूमि पर बस्ती हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया। कलेक्टर ने बताया कि बस्ती के लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित किया गया है। मऊ से 30 नवंबर तक अवैध कब्जा हटाने के निर्देश भी दिए गए।
वन मंडलाधिकारी को समाधान के निर्देश दिए
गजरही में पेड़, कुएं और बोरवेल के मूल्यांकन पर पुनर्विचार तथा कट एंड फिल मिट्टी कार्य पर रॉयल्टी छूट की समीक्षा करने को कहा गया। सिंगरौली के गिधेर में वाया डक 118 और 119 के पास पेड़ कटाई न होने से काम रुका है। संबंधित वन मंडलाधिकारी को समाधान के निर्देश दिए गए।
कटोली में कम मुआवजे की शिकायत पर संशोधित अवार्ड बनाने को कहा गया। देवसर और अजयगढ़ में विद्युत ट्रांसमिशन लाइन का काम जल्द शुरू करने तथा विद्युतीकरण की बाधाएं दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कलेक्टर रीवा नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, रेलवे के एसएसई अमित सिंह, डिप्टी सीईई धर्मेंद्र कस्तवार, ईएस एमपी पीटीसी अमित कुमार, डिप्टी सीई अबलिश मीणा और चीफ इंजीनियर इंद्रजीत वर्मा ऑफलाइन उपस्थित रहे। सीधी और सिंगरौली के कलेक्टर गूगल मीट के माध्यम से जुड़े।
यह भी पढ़ें- सीधी में रेलवे रेल लाइन निर्माण के दौरान बोले कि आवागमन को रास्ता देंगे, फिर भूल गए कर्मचारी