
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा/सीधी। उड़ीसा पुलिस की कस्टडी से रीवा लाया जा रहा कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के छूहिया घाटी में हुई।
फरार होने के बाद सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार, आदित्य मिश्रा गांजा तस्करी के मामले में उड़ीसा पुलिस की कस्टडी में था और उसे रीवा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ला रही थी। जैसे ही पुलिस की गाड़ी छूहिया घाटी के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे तीन गाड़ियों में आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
बेहोश हो गए पुलिसकर्मी
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस पर बेहोशी का स्प्रे किया, जिससे पुलिसकर्मी कुछ देर के लिए अचेत हो गए और इसी का फायदा उठाकर आरोपी आदित्य मिश्रा को भगा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही सीधी और रीवा पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस चला रही सघन अभियान
रामपुर नैकिन थाना पुलिस, सीधी एसपी सहित रीवा के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे छूहिया घाटी और आसपास के जंगलों में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
तीनों गाड़ियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आदित्य मिश्रा रीवा-सीधी क्षेत्र का कुख्यात गांजा तस्कर माना जाता है, जिसके खिलाफ कई राज्यों में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।