
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर में चोरी का एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रकाश चौराहे में संचालित एक कपड़ा दुकान में काम करने वाला कर्मचारी ही चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी बेहद शातिर तरीके से कपड़ों को अपने अंडरवियर और पैंट में छिपाकर दुकान से बाहर ले जाता था। फिलहाल लगातार हो रही चोरी से परेशान दुकान संचालक ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पूरा मामला उजागर हो गया।
जानकारी के अनुसार शहर के प्रकाश चौराहे स्थित जेडी फैमिली शॉप के संचालक जितेंद्र खुबानी की कपड़ों की दुकान में करीब 6 से 7 कर्मचारी कार्यरत हैं। इन्हीं में से एक कर्मचारी आशीष सिंह पर दुकान के माल में कमी को लेकर संदेह हुआ। शुरुआत में तो यह कमी सामान्य समझी गई, लेकिन जब लगातार स्टॉक कम होने लगा तो संचालक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि आरोपी कर्मचारी आशीष सिंह दुकान के रैक से शर्ट, पैंट, ब्लेज़र सहित अन्य महंगे कपड़े निकालकर अपने अंडरवियर और पैंट में छिपा रहा है और फिर सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल जा रहा है। आरोपी की यह हरकत कई दिनों से जारी थी, जिससे दुकान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इधर जब दुकान संचालक ने आरोपी को इस बारे में पकड़कर पूछताछ की, तो उसने अपनी गलती स्वीकारने के बजाय उल्टा मालिक को जान से मारने की धमकी दे डाली।
यह भी पढ़ें- क्रेडिट कार्ड एक्टिव कराने के नाम पर साइबर ठगी, पेनाल्टी का डर दिखाकर उड़ाए 73 हजार रुपये, 3 साल बाद FIR दर्ज
फिलहाल घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, पीड़ित दुकानदार ने तत्काल सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।