यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीएसपी से भिड़े पूर्व विधायक, महिला अधिकारी को कहा ‘असंवेदनशील’, थाने में बवाल
भाजपा के पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी शुक्रवार को चोरहटा थाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने सीएसपी रितु उपाध्याय को ‘असंवेदनशील महिला’ कह दिया।चलि...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 26 Jul 2025 04:50:04 PM (IST)Updated Date: Sat, 26 Jul 2025 04:50:55 PM (IST)
भाजपा के पूर्व विधायक और सीएसपी रितु उपाध्याय के बीच कहासुनी।HighLights
- भाजपा के पूर्व विधायक और सीएसपी रितु उपाध्याय के बीच कहासुनी।
- पूर्व विधायक ने सीएसपी रितु उपाध्याय को कहा असंवेदनशील महिला।
- कांग्रेस विधायक के खिलाफ केस दर्ज करवाने पहुंचे थे पूर्व विधायक।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा: भाजपा के पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी शुक्रवार को चोरहटा थाने पहुंचे थे, जहां उन्होंने कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराने की मांग की। लेकिन मामला तब बिगड़ गया, जब बातचीत के दौरान उन्होंने सीएसपी रितु उपाध्याय को ‘असंवेदनशील महिला’ कह दिया।
इस टिप्पणी के बाद थाने में तनाव बढ़ गया। सीएसपी ने पूर्व विधायक को तमीज से बात करने की हिदायत दी। इस पर केपी त्रिपाठी के समर्थक उग्र हो गए। स्थिति को बिगड़ते देख थाना प्रभारी आशीष मिश्रा को भाजपा नेताओं के सामने हाथ जोड़कर मामला शांत कराना पड़ा।
विवाद का वीडियो वायरल
शनिवार सुबह इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें पूर्व विधायक को सीएसपी से बहस करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, नईदुनिया इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
क्या है मामला?
घटना की जड़ में अभिषेक तिवारी नामक युवक का विवाद है, जो कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के यहां काम करता था। तीन महीने का वेतन मांगने वह विधायक के बंगले पर गया, जहां कथित तौर पर उसकी पिटाई कर बंधक बना लिया गया। बाद में वह चोरहटा थाने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। यह मामला केपी त्रिपाठी के संज्ञान में आया तो उन्होंने थाने में एफआईआर में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस का बयान
विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक रीवा ने कहा कि “अभय मिश्रा सहित आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। जांच जारी है और अभिषेक तिवारी की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।”