
नईदुनिया न्यूज, मऊगंज। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में पिता-पुत्र को रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों के पास से 40 किलो 518 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 4 लाख 5 हजार रुपये है।
बाइक और मोबाइल मिलाकर कुल 4 लाख 90 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। यह कार्रवाई आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और एसपी मऊगंज मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में की गई। एएसपी शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सची पाठक के नेतृत्व में शाहपुर थाना प्रभारी रामदीन सिंह की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरांव के चहला टोला में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा बेचने के लिए खड़ा है। टीम दो स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे घेरकर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अशोक पटेल पिता स्व. तुलसीदास पटेल, उम्र 52 वर्ष, निवासी दुबगवां, थाना मऊगंज बताया। उसकी बोरी की तलाशी लेने पर 27 किलो 594 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2 लाख 75 हजार 940 रुपये है।
अशोक से पूछताछ में उसके बेटे की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने डगडौआ पुलिया के पास यात्री प्रतीक्षालय में दबिश दी। वहां से उसके बेटे सूरज पटेल पिता अशोक पटेल, उम्र 20 वर्ष को पकड़ा गया। उसके सूटकेस से 12 किलो 924 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1 लाख 29 हजार 240 रुपये है।
दोनों से कुल 40 किलो 518 ग्राम गांजा, एक लाल प्लेटिना बाइक क्रमांक सीजी 17केबी8633 कीमत 60 हजार रुपये और मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस ने थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 431/2026 धारा 8/20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों को 2 नवंबर को न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रामदीन सिंह, उपनिरीक्षक रजनीश मिश्रा, सउनि फत्तेलाल प्रजापति, रामनरेश पटेल, दिलराज सिंह, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, धर्मपाल सिंह, जयप्रकाश रावत, मनीष पाण्डेय, कृष्ण कुमार यादव, आरक्षक आनंद सरोज, कन्हैया सिंह पटेल, मनीष सिंह, निलेश तिवारी, पीयूष पाण्डेय, सूरज तिवारी और सायबर सेल के भावेश द्विवेदी की अहम भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता जानती है, अब सत्ता संभालने लायक नहीं बची कांग्रेस