
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू की टीम ने सीधी में छात्रावास अधीक्षक रामदरस द्विवेदी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा।
अधीक्षक पर दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी से नियमितीकरण कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की राशि लेते ही गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार छात्रावास पतुलखी में पदस्थ अधीक्षक रामदरस द्विवेदी ने वहीं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत सुरेश प्रसाद द्विवेदी से नियमितीकरण कराने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की थी।
सुरेश प्रसाद लंबे समय से छात्रावास में दैनिक वेतन पर सेवाएं दे रहे थे। नियमितीकरण को लेकर वह लगातार परेशान थे। इसी का फायदा उठाते हुए अधीक्षक ने उनसे पैसे की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर गुरुवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। टीम ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देकर अधीक्षक के पास भेजा।
जैसे ही अधीक्षक ने राशि ली, पहले से तैनात टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली है और आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य विभागों में भी हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि नियमितीकरण, वेतन भुगतान, अवकाश और अन्य कार्यों के नाम पर कर्मचारियों से अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं।