
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मनगवां थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्राम कुईयां खुर्द में तालाब की मेड़ पर बने मंदिर के पास से एक दंपती को 7 किलो 936 ग्राम अवैध गांजा और 20 लाख 80 हजार रुपये नकद के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी मनगवां निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम कुईयां खुर्द तालाब की मेड़ में बने मंदिर के पास एक पुरुष और एक महिला नीले रंग के बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बैठे हैं और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसडीओपी मनगवां मनस्वी शर्मा के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख उक्त पुरुष और महिला भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें हमराह पुलिस स्टाफ द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
मौके पर ही उनके कब्जे से नीले बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही सारी कार्रवाई करते हुए गांजा और नकदी को जप्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। महिला आरोपी की गिरफ्तारी महिला पुलिस अधिकारी द्वारा की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान द्वारिका पटेल पिता स्व. रामकिशोर पटेल उम्र 56 वर्ष और कलावती पटेल पति द्वारिका पटेल उम्र 50 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कुईया कला, थाना मनगवां, जिला रीवा के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पति-पत्नी लंबे समय से इस धंधे में लिप्त थे।
ओडिशा तरफ से गांजा लाकर रीवा-मनगवां क्षेत्र में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर सप्लाई करते थे। बरामद 20.80 लाख रुपये की नकदी भी गांजा बेचकर ही जुटाई गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मनगवां में अपराध क्रमांक 524/2026 धारा 8, 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
एसडीओपी मनगवां मनस्वी शर्मा ने बताया कि जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी हाल में नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में रेलवे का तार चुराने के बाद जलाकर निकालते थे तांबा, बर्तन व्यापारी को बेचते आरपीएफ ने दबोचा