
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा में शनिवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही पूरे कार्यक्रम स्थल पर जोरदार स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। मंच पर केंद्रीय राज्य मंत्री निमूबेन बांभनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने मंच से कार्यकर्ताओं और आम जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है और अराजकता के खिलाफ समाज को एकजुट होना होगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा आगे रही है। रीवा की धरती से यह संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा कि जनता अराजकता के खिलाफ है और विकास, शांति और लोकतंत्र के साथ है। उन्होंने रीवा के विकास कार्यों का भी जिक्र किया और कहा कि विंध्य क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रीवा के लोगों ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत किया है। इस पदयात्रा में युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग की भागीदारी लोकतंत्र की ताकत को दिखाती है। केंद्रीय राज्य मंत्री निमूबेन बांभनिया और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
जनसभा के बाद विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा एनसीसी ग्राउंड, टीआरएस कॉलेज से प्रारंभ होकर कॉलेज चौराहा, मानस भवन, प्रकाश चौराहा, स्टैच्यू चौराहा होते हुए पद्मधर पार्क पहुंचेगी।
यात्रा में सांसद जनार्दन मिश्रा, संभाग प्रभारी विजय दुबे, मंत्रीगण, विधायकगण, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, मऊगंज जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, विधायक नागेंद्र सिंह, दिव्यराज सिंह, प्रदीप पटेल, सिद्धार्थ तिवारी, नरेंद्र प्रजापति, के.पी. त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, युवा और मातृशक्ति शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शहर में सुबह से ही उत्साह देखा गया। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए डायवर्जन लागू किया है। जगह-जगह कार्यकर्ता और आम लोग पदयात्रा का स्वागत करने के लिए खड़े हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल गैस त्रासदी मामले की सुनवाई करेगी विशेष पीठ, मुख्य न्यायाधीश की युगलपीठ ने दिए निर्देश