
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा के सुभाष तिराहे पर भाजपा नेत्री के बेटे और दो युवतियों के बीच हुई जमकर मारपीट का वीडियो सामने आया है।
वीडियो में युवक युवती को पटककर जमीन पर गिराता दिख रहा है, तो वहीं युवती भी उसे ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ती नजर आ रही है। घटना गत मंगलवार रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री और पूर्व पार्षद हेमलता सिंह का बेटा युवराज सिंह स्कॉर्पियो गाड़ी से दो युवतियों का पीछा कर रहा था। युवतियों का आरोप है कि युवराज ने अटल पार्क से ही उनकी गाड़ी के पीछे गाड़ी लगा दी थी।
चाय की दुकान के पास उन्हें रोक लिया गया। युवतियों का आरोप है कि युवक ने जबरदस्ती रिश्ता बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर कथित तौर पर छेड़खानी और मारपीट की गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा नेत्री के बेटे ने युवती को पटककर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद युवती ने भी उसे ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़े। बताया गया कि गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
युवराज की मां हेमलता सिंह भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल की अध्यक्ष और पूर्व पार्षद हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- ठंड की चपेट में आने से बेटे की मौत पर मुआवजा नहीं, MP High Court ने खारिज की मां की याचिका