
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले के चुरहट में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां उमेश केवट नाम के शख्स ने अपनी सोती हुई पत्नी और 6 साल की मासूम बेटी पर चाकू और हंसिया से हमला कर दिया।
हमले में मासूम बेटी ऋतु केवट (6) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सावित्री केवट गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू से वार कर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृत बच्ची की पहचान ऋतु केवट 6 बर्ष और घायल मां की पहचान सावित्री केवट के रूप में हुई है। आरोपित उमेश केवट मूल रूप से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र स्थित बघवार गांव का रहने वाला है। वह अपने परिवार के साथ चुरहट के मंमदर तालाब के पास एक मढैया (झोपड़ी) बनाकर रह कर तालाब में सिंघाड़ा बोने का काम करता है।
घायल पत्नी सावित्री ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह अपनी दोनों बेटियों के साथ एक ही खाट पर सो रही थी, जबकि पति उमेश दूसरी खाट पर लेटा था। रात में अचानक उमेश हाथ में चाकू लेकर आया और सबसे पहले सावित्री के मुंह पर वार कर दिया। इसके बाद उसने 6 साल की बेटी ऋतु पर चाकू और हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण मासूम की जान चली गई।
सावित्री के मुताबिक, तीन दिनों से उमेश का व्यवहार अचानक बदल गया था। वह बिना किसी बात के गुस्सा हो जाता था और गाली-गलौज करते हुए परिवार वालों को मारने के लिए दौड़ता था। रविवार से उसके व्यवहार में कुछ सुधार नजर आने लगा था, लेकिन सोमवार रात उसने अचानक इस वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल सावित्री और बच्ची को तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
आरोपी ने अपने गले में भी चाकू से वार किया था, जिसकी वजह से उसकी हालत गंभीर है और उसे जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अभिषेक उपाध्याय रामपुर नैकिन थाना प्रभारी
यह भी पढ़ें- जबलपुर में वेयरहाउस पर पांच गुना लोन दिलाने का झांसा, चाचा और रिश्तेदार ने हड़पे 30 लाख रुपये