
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। प्लांट के विरोध में ग्रामीणों से संवाद करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को क्षेत्र में भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
प्लांट समर्थक ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया और काले झंडे दिखाते हुए 'जीतू पटवारी वापस जाओ' के और पावर प्लांट यहीं लगेगा के नारे लगाए। इस दौरान काफी देर तक मौके पर गहमागहमी बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीतू पटवारी का काफिला जैसे ही रोझौही की ओर बढ़ा, पहले से सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण आगे बढ़ने का रास्ता बंद मिला। समर्थकों ने स्पष्ट रूप से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप का विरोध किया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद रास्ता खुला और स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लालगांव में निर्धारित सभा स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने उपस्थित लोगों के बीच अपनी बात रखी, लेकिन कार्यक्रम अपेक्षाकृत कम समय में समाप्त हो गया और वे वहां से रवाना हो गए। रोझौही में सीधे प्रवेश नहीं कर पाने और रास्ता रोके जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के समर्थक ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित परियोजना विंध्य क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उनका तर्क है कि परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।
समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर स्थानीय लोगों की भावनाओं और राय का सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, परियोजना का विरोध कर रहे ग्रामीण जमीन, जलस्रोत, पर्यावरण और भविष्य की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं पर स्पष्ट जानकारी और स्थानीय लोगों की चिंताओं का समाधान जरूरी है।
रोझौही में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट अब केवल विकास और पर्यावरण का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि इसको लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। एक ओर परियोजना के समर्थन में ग्रामीण लामबंद हैं, वहीं दूसरी ओर विरोध करने वाले लोग भी लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं।
जीतू पटवारी के दौरे के दौरान रास्ता रोके जाने की घटना ने दोनों पक्षों के बीच बढ़ती खाई को एक बार फिर उजागर कर दिया है। फिलहाल प्रसाशन ने स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है। हालांकि क्षेत्र में तनाव और राजनीतिक सरगर्मी को देखते हुए प्रशासन के सामने शांति व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बना हुआ है।