
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिंगरौली। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। भोजन करने के बाद घर में सो रहे परिवार पर अचानक कच्चा मकान ढह गया।
मकान गिरने से परिवार के आठ सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में दो साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य सदस्य भी मलबे में दबने से प्रभावित हुए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार की रात परिवार के सदस्य भोजन करने के बाद कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे में दब गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना प्रशासन और पुलिस को भी दी गई।
मृतकों की पहचान अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और दो साल की बेटी के रूप में हुई है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक टीम ने मोर्चा संभाला। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
अंधेरे और मलबे के बीच दबे लोगों तक पहुंचने के लिए टीम को मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- ‘स्वच्छता’ में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर की छलांग, एक से तीन के बीच में रैंक पक्की