
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। जिले के चाकघाट थाना क्षेत्र के अमाव गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहे जा रहे विवाद में एक अधिवक्ता की पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमाव गांव निवासी अधिवक्ता अनुराग मिश्रा उम्र 35 वर्ष का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि जमीन की मेड़ और रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी हो चुकी थी। गुरुवार की देर शाम इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनुराग मिश्रा अपने पिता अश्वनी मिश्रा उम्र 60 वर्ष के साथ खेत पर गए थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के 4-5 लोगों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से उन पर हमला बोल दिया। हमले में अनुराग मिश्रा के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पिता उन्हें बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन दोनों घायलों को तत्काल चाकघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने अनुराग मिश्रा को मृत घोषित कर दिया।
पिता की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही चाकघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं अधिवक्ता की हत्या से जिला अधिवक्ता संघ में आक्रोश है। संघ ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद हत्या की मुख्य वजह है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है।
अधिवक्ता अनुराग मिश्रा एवं उनके पिता अश्वनी मिश्रा के ऊपर हमला करके ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। जिसमें अधिवक्ता अनुराग मिश्रा की मौत हो गई है जबकि अश्वनी मिश्रा को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
बालकेश सिंह थाना प्रभारी चाकघाट
यह भी पढ़ें- नर्मदा महोत्सव 2026 : जबलपुर का प्राकृतिक सौंदर्य कैमरे में कैद करने वालों को मौका, आप भी ले सकेंगे भाग