
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। रामपुर नैकिन तहसील के खड्डी खुर्द गांव में सड़क की मांग को लेकर 14 सितंबर से धरना जारी है। ग्रामीण युवती लीला साहू गांव वालों के साथ धरने पर बैठी हैं। सोमवार की लीला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रहलाद पटेल से सड़क बनावने की अपील की।
लीला ने प्रधानमंत्री से वीडियो के जरिए कहा कि हम गांव के लोगों ने एक मिनट में वोट देकर जिताया है। हम सड़क ही मांग रहे हैं। प्रहलाद पटेल मंत्री गांव आए और देखे सड़क के बिना हम कैसे रह रहे हैं। यह धरना जब तक मांग पूरी नहीं होगी। तब तक चलता रहेगा।
धरने के बीच लीला ने सांसद डॉ. राजेश मिश्रा पर बड़ा हमला बोला। सांसद की तुलना रावण से करते हुए कहा कि जैसे रावण का राज खत्म हुआ, वैसे ही अगर 2026 तक सड़क नहीं बनी तो सांसद का सियासी राज भी खत्म हो जाएगा।
लीला ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे गांव की 24 वर्षीय निर्मला साहू को प्रसव पीड़ा हुई। पति रामदयाल साहू ने मरीज वाहन बुलाया। दो घंटे बाद वाहन गांव से तीन किलोमीटर पहले ही रुक गया।
रास्ता खराब होने से आगे नहीं जा सका। महिला को अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और घर पर ही प्रसव कराना पड़ा। लीला ने कहा कि ऐसी स्थिति में मां और बच्चे दोनों की जान को खतरा है।
लीला ने पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह गर्भवती थीं तो उनका अपमान किया गया था और हेलीकॉप्टर से उठा लेने की बात कही गई थी। आज जब गांव की महिला को जरूरत पड़ी तो सांसद का हेलीकॉप्टर क्यों नहीं आया।
लीला ने आरोप लगाया कि जल विभाग की गाड़ी भी इसी रास्ते पर फंस गई है। विभाग के काम के बाद रास्ता और खराब हो गया है। अफसर गांव वालों की परेशानी नहीं सुन रहे।
लीला ने कहा कि वह दो साल से सड़क के लिए लड़ रही हैं। कई बार अर्जी दी, धरना किया, नेताओं और अफसरों से मिलीं, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी। अब आंदोलन और तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में फर्जी आधार से कराई जमीन की रजिस्ट्री, जिंदा मालिक की जगह खड़ा हुआ दूसरा व्यक्ति