
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर में अग्नि सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर चल रहे प्रतिष्ठानों पर नगर निगम रीवा ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार एवं फायर ऑफिसर दीपक सिंह तोमर के नेतृत्व में शहर के तीन बड़े रेस्टोरेंटों के रूफटॉप किचन सील कर दिए गए।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद इस अधिनियम के तहत पहली कार्रवाई मानी जा रही है।
नगर निगम रीवा द्वारा नए फायर एक्ट के तहत सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के माध्यम से निगम ने शहर के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन का स्पष्ट संदेश दिया है।
अवैध रूप से ये रूफटॉप किचन धुआं रेस्टोरेंट, ब्रह्मा होटल और ड्रिंक्स एंड डाइन द्वारा चलाए जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि तीनों प्रतिष्ठानों में भवन की छत पर ही किचन संचालित हो रहा था। छत पर गैस सिलेंडर, भट्टियां और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखकर खाना बनाया जा रहा था, जिससे आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। निगम की टीम ने मौके से 6 सिलेंडर भी जब्त किए हैं।
मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 के अनुसार भवन की छत पर किचन चलाना नियम विरुद्ध है। नियमों के अनुसार छत का उपयोग खुले क्षेत्र, सुरक्षा और आपातकालीन निकासी के लिए होता है, न कि किचन के लिए। लेकिन इसके बावजूद कई प्रतिष्ठानों में छत पर ही किचन बनाकर संचालन किया जा रहा था।
विशेषज्ञों का कहना है कि आग लगने की स्थिति में ऊपरी मंजिल से लोगों को निकालना और राहत-बचाव कार्य करना बहुत कठिन हो जाता है। सीढ़ियां संकरी होने, धुआं भरने और भगदड़ मचने से हादसा बड़ा रूप ले सकता है। देश के कई शहरों में रूफटॉप रेस्टोरेंट और किचन में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। इसी को देखते हुए रीवा निगम ने समय रहते सख्ती दिखाई है।
नगर निगम ने संबंधित संचालकों को इस संबंध में बार-बार नोटिस देकर रूफटॉप किचन हटाने और अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे। नोटिस में स्पष्ट कहा गया था कि नियमों का पालन न करने पर सीलिंग सहित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी संचालकों ने सुधार नहीं किया और नियमों की लगातार अनदेखी करते रहे।
इसे नागरिकों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा मानते हुए फायर टीम ने मध्य प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अधिनियम, 2026 के प्रावधानों के तहत तीनों किचन मौके पर ही सील कर दिए।कार्रवाई के दौरान शहर में चर्चा का विषय बना रहा कि निगम अब केवल नोटिस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीन पर कार्रवाई भी करेगा।
कई अन्य होटल और रेस्टोरेंट संचालक भी कार्रवाई की सूचना मिलते ही अपने प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्क हो गए। लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई लंबे समय से अपेक्षित थी, क्योंकि शहर में तेजी से बढ़ रहे कैफे, रेस्टोरेंट, कोचिंग संस्थान और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखते।
निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नया फायर एक्ट लागू होने के बाद भवन स्वामी और संचालक अपने परिसर में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम रखने के लिए सीधे जिम्मेदार हैं। उन्होंने सभी होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों और व्यावसायिक भवनों के संचालकों से कहा कि वे तुरंत अग्नि सुरक्षा के मानक पूरे करें और जरूरी अनुमतियां लें। उन्होंने बताया कि निगम की फायर टीम शहर में लगातार निरीक्षण करेगी। नियम तोड़ने वाले प्रतिष्ठानों पर बिना किसी भेदभाव के सीलिंग और दंड की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निगम के अधिकारियों के अनुसार, अग्नि सुरक्षा के तहत फायर एक्सटिंग्विशर, स्मोक डिटेक्टर, इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म, होज रील, पर्याप्त पानी की व्यवस्था और प्रशिक्षित स्टाफ का होना अनिवार्य है। इसके साथ ही भवन में आने-जाने के रास्ते खुले होने चाहिए, ताकि आपात स्थिति में लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें।
यदि किसी प्रतिष्ठान में ये इंतजाम अधूरे पाए जाते हैं, तो उसे पहले नोटिस देकर सुधार का मौका दिया जाएगा और इसके बाद भी पालन न करने पर सीलिंग की कार्रवाई होगी।कार्रवाई के दौरान उपयंत्री श्याम सुंदर मिश्रा, शुभम तिवारी, अमन सिंह तिवारी, आशुतोष पांडे, अतिक्रमण प्रभारी सुखेंद्र चतुर्वेदी, लीडिंग फायरमैन राशिद खान के साथ पुलिस बल और अतिक्रमण दस्ता मौजूद रहा।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी एक प्रतिष्ठान के खिलाफ नहीं है, बल्कि पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए है। आने वाले दिनों में निगम की टीम अन्य क्षेत्रों में भी निरीक्षण करेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रखेगी। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से की गई।
यह भी पढ़ें- नए आमंत्रण पर रोक की मांग, एजी ऑफिस में विधि अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल